BIHARMUZAFFARPURSTATE

नीतीश कुमार इंग्लैंड चले जाएं..प्रशांत किशोर ने कसा तंज, कहा..मुख्यमंत्री खुद बिहार से कर रहे पलायन

जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर (PK)ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता ने इन नेताओं को भरपूर वोट दिया, लेकिन राज्य की समस्याओं को लेकर किसी को चिंता नहीं है। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में सिर्फ बच्चे और युवा ही पलायन नहीं कर रहे हैं। बल्कि खुद मुख्यमंत्री भी बिहार से पलायन करते नजर आ रहे हैं। पता नहीं नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहेंगे, दिल्ली जाएंगे या फिर इंग्लैंड चले जाएंगे।

दरअसल मंगलवार 10 मार्च को प्रशांत किशोर सासाराम पहुंचे थे। गुजरात की केमिकल फैक्ट्री में हुए हादसे में जो 4 मजदूरों की मौत हुई थी, वो सासाराम के ही रहने वाले थे। उनके परिजनों से मिलने के लिए प्रशांत किशोर सासाराम पहुंचे थे। इसी दौरान बिहार से हो रहे पलायन के सवाल पर उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार दोनों को घेरा। कहा कि दोनों जगह डबल इंजन की सरकार है, इसके बावजूद बिहार से पलायन रुक नहीं रहा है। यहां के लोग आज भी रोजी रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन सरकार बने तीन महीने हो गये लेकिन एक भी व्यक्ति को रोजगार नहीं मिला। रोजगार की कमी के कारण बिहार में पलायन की समस्या जस की तस बनी हुई है। लेकिन इस सबसे बड़ी समस्या पर ना तो मुख्यमंत्री का कोई ध्यान है और ना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ही ध्यान दे रहे हैं। जबकि चुनाव के वक्त इन लोगों ने बिहार की जनता से बड़े-बड़े वादे किये थे।

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। पीके ने कहा है कि नीतीश कुमार जाते-जाते अपने बेटे के लिए राज सिंहासन की व्यवस्था कर गए हैं जबकि बिहार की आम जनता गरीबों के बच्चों के लिए कोयंबटूर, गुजरात तथा पंजाब में मजदूरी करने के लिए छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अगर राजनीति में आए हैं तो उनका स्वागत है। लेकिन जिस तरह से नीतीश कुमार को सीएम चेहरा दिखा कर एनडीए चुनाव मैदान में उतरी और चुनाव के कुछ ही महीने के बाद सीएम बदल रही है, तो क्या यह जनता के साथ धोखा नहीं है।

उन्होंने भाजपा को चुनौती दी की भाजपा जिसे अपना मुख्यमंत्री बनने वाली है, अगर हिम्मत है तो उस नए बनने वाले मुख्यमंत्री के चेहरे पर फिर से चुनाव करा कर देख ले। भाजपा ने चुनाव में कभी नहीं कहा कि उनक दल मुख्यमंत्री होगा। पीके ने कहा कि नीतीश कुमार 25 से 30 फिर से नीतीश का नारा देकर जनता को बेवकूफ बनाया और अब अपने बेटे को सिंहासन सौंप कर दिल्ली जा रहे हैं। बता दें कि प्रशांत किशोर आज सासाराम में अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ पायलट बाबा आश्रम में समीक्षात्मक बैठक कर रहे थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.