BIHARMUZAFFARPURSTATE

समृद्धि यात्रा में किशनगंज में होगी सौगातों की बरसात, 235 करोड़ की 122 योजनाओं का मिलेगा तोहफा

किशनगंज: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में आज यानी बुधवार को सियासत और विकास का बड़ा संगम देखने को मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात मिलने वाली है, जिससे इलाके में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है।

कार्यक्रम के तय शेड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब एक बजे एनएच 327ई के पास स्थित कृषि फार्म में उतरेगा। वहां से उनका काफिला निर्माणाधीन ठाकुरगंज बाइपास का जायजा लेने पहुंचेगा। इसके बाद वे पावर ग्रिड परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे और फिर कृषि फार्म परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में भाग लेकर योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, भव्य मंच, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई सहित तमाम इंतजाम पूरे कर लिये गये हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के आला अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और सभी विभागों को जरूरी हिदायतें दी जा चुकी हैं।
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री न सिर्फ योजनाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि स्थानीय लोगों से सीधे संवाद भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस संवाद के जरिए वे विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.