पटना: पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन तक एलिवेटेड कॉरिडोर पर मेट्रो ट्रेन का सफल ट्रायल रन पूरा हो गया। इस परीक्षण के साथ शहर में आधुनिक, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाया गया है।

ट्रायल के दौरान मेट्रो ट्रेन को 5 किमी प्रति घंटा से लेकर 40 किमी प्रति घंटा तक की विभिन्न गति पर चलाकर व्यापक तकनीकी जांच की गई। विशेषज्ञों की निगरानी में सिग्नलिंग सिस्टम, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक की स्थिरता, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन, स्टेशन समन्वय, संचार व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल का परीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार सभी प्रणालियां मानकों के अनुरूप संतोषजनक पाई गईं।

अब इस खंड पर अगला चरण सेफ्टी इंस्पेक्शन और अंतिम स्वीकृति का है। मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा 28 फरवरी को निरीक्षण किए जाने की संभावना है। निरीक्षण रिपोर्ट मिलने और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

मेट्रो सेवा शुरू होने से पूर्वी पटना के हजारों यात्रियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक किराया लगभग 30 रुपये तय किया गया है, जबकि आईएसबीटी से भूतनाथ तक 15 रुपये किराया होगा। भूतनाथ से मलाही पकड़ी सेक्शन चालू होने पर मेट्रो खेमनीचक स्टेशन से होकर गुजरेगी, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने तक वहां ठहराव नहीं होगा। स्टेशन पूरी तरह तैयार होने के बाद ही खेमनीचक पर सेवा शुरू की जाएगी।




Leave a Reply