मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय भरथीपुर में देर रात अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि स्कूल में ठहरे बाराती बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्मार्ट क्लास जलकर राख
बताया जा रहा है कि रोज की तरह शाम चार बजे स्कूल बंद होने के बाद सभी शिक्षक अपने घर चले गए थे। उसी स्कूल की आठवीं कक्षा में बने स्मार्ट क्लास रूम में बारातियों को ठहराया गया था। देर रात अचानक उसी कमरे में आग लग गई, जिससे पूरा स्मार्ट क्लास जलकर राख हो गया। कमरे में लगे टीवी, प्रोजेक्टर, बेंच और अन्य शैक्षणिक सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। यह स्मार्ट क्लास एक एनजीओ के सहयोग से बनाया गया था, जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे।

लापरवाही या शॉर्ट सर्किट?
स्थानीय मुखिया ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने बड़े स्कूल में बारात को ठहराने के लिए स्मार्ट क्लास ही क्यों दिया गया। उनका कहना है कि जब अन्य कमरे उपलब्ध थे तो आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित कमरे का उपयोग क्यों किया गया। आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

जांच में जुटी पुलिस
कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को वजह बता रहे हैं, जबकि कुछ बारातियों की लापरवाही की आशंका जता रहे हैं। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।




Leave a Reply