BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

पटना सिटी में नकली मसाला फैक्ट्री सील: होली पर खपाने की थी तैयारी, बिना लाइसेंस बन रहा था घी और रंग

पटना : होली के त्योहार के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ पटना पुलिस पूरी तरह ‘एक्टिव मोड’ में आ गई है। बुधवार को पटना सिटी अनुमंडल के दीदारगंज और मालसलामी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नकली मसाला, घी और रंग बनाने वाली फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। त्योहारों के दौरान बाजार में खाद्य पदार्थों की बढ़ती खपत का फायदा उठाकर असली के नाम पर नकली सामान खपाने वाले गिरोह पर यह एक बड़ी चोट मानी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित ‘गणेश मसाला’ बनाने वाली फैक्ट्री में सघन तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में कूटा हुआ चावल, पिसा हुआ सोयाबीन, सोयाबीन तेल और वनस्पति जैसे पदार्थ पाए गए, जिनका उपयोग मिलावटी मसाला तैयार करने में किया जा रहा था। जब प्रशासन ने फैक्ट्री संचालक से संचालन से संबंधित लाइसेंस या वैध कागजात मांगे, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री को सील कर दिया गया।

एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि फैक्ट्री मालिक के मालसलामी स्थित नंदगोला स्थित चार मंजिला आवास पर भी छापेमारी की गई। यहाँ बड़े पैमाने पर नकली घी, मसाला और होली के रंग तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घर के अंदर से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस बड़ी कार्रवाई में सिटी डीएसपी-2 की क्यूआरटी (QRT) टीम के साथ-साथ बाईपास और दीदारगंज थाने की पुलिस बल भी शामिल रही। पुलिस का कहना है कि होली तक इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर नकेल कसी जा सके। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.