BIHARMUZAFFARPURSTATE

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर अ’श्लील वीडियो से ब्लैकमेल; सं’बंध बनाने से इनकार पर प्रेमी ने टां’गी से किया ह’मला

नवादा: नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती का खौफनाक अंत देखने को मिला है। एक युवती को उसके ही प्रेमी और उसके दोस्तों ने जबरन संबंध बनाने से इनकार करने पर टांगी (धारदार हथियार) से हमला कर मरणासन्न कर दिया। आरोपी ने न केवल युवती पर जानलेवा हमला किया, बल्कि उसे लहूलुहान हालत में सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती और प्यार

पीड़ित युवती ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उसकी दोस्ती अकबरपुर थाना क्षेत्र के देवरा गांव निवासी छोटू यादव से इंस्टाग्राम पर हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। इस दौरान बीते 12 फरवरी को मुलाकात के समय आरोपी छोटू ने धोखे से युवती का एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के आधार पर वह युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

सुनसान जगह पर बुलाकर किया हमला

मंगलवार शाम को आरोपी छोटू यादव ने प्यार का झांसा देकर युवती को मिलने के लिए बुलाया और नवादा की ओर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां पहले से ही उसके कुछ दोस्त मौजूद थे। युवती का आरोप है कि प्रेमी और उसके दोस्तों ने उस पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब युवती ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने टांगी और अन्य धारदार हथियारों से उसके दाहिने पैर पर हमला कर दिया।

अस्पताल में भर्ती, स्थिति गंभीर

बुधवार को परिजनों ने घायल युवती को रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नीतीश कुमार ने बताया कि हमले की वजह से युवती के दाहिने पैर की दो हड्डियां टूट गई हैं और काफी खून बह चुका है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे पावापुरी (VIMS) रेफर कर दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई जानकारी और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.