कैमूर: बिहार के कैमूर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां की एक नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर राजस्थान के सीकर ले जाया गया और फिर 2 लाख रुपये में उसका सौदा कर दिया गया.

परिजनों ने लगाई थी इंसाफ की गुहार
पीड़िता को खरीदने वाले व्यक्ति ने उससे जबरदस्ती शादी कर ली. परिजन बच्ची के लिए पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रहे थे, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए एक हफ्ते के अंदर बच्ची को बरामद किया गया. साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

बिहार की बच्ची को 2 लाख में राजस्थान में बेचा
इस मामले पर प्रेस वार्ता करते हुए भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि एक हफ्ते पहले पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के पास चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के कुछ लोग गए थे. उन्होंने बताया कि उनके परिवार की एक नाबालिक बच्ची को नौकरी का झांसा देकर बेच दिया गया है. राजस्थान के सीकर जिला का रहने वाला महेश कुमार बच्ची को राजस्थान ले गया और वहां किसी व्यक्ति से उसकी जबरदस्ती शादी करवा दी है.

जबरदस्ती करवायी शादी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शख्स ने पूछताछ में बताया कि महेश कुमार ने उससे लड़की के बदले 2 लाख रुपये लिए थे और उसके बदले में शादी करवायी थी. डीएसपी ने बताया कि महेश कुमार नाम का जो व्यक्ति है, वह एक गिरोह के तहत काम करता है. वह इसी मकसद से कैमूर आया था. एक गिरोह के तहत यह लोग ऐसी घटना को अंजाम देते हैं.



Leave a Reply