पटना : बिहार में होली का उत्सव करीब है, लेकिन उससे पहले देश के गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आ रहे हैं. गृह मंत्री सीमांचल जाएंगे जहां वाइब्रेंट विलेज का दौरा करेंगे इसके साथ ही चिकन नेक और सिलिगुड़ी कॉरिडोर को लेकर अधिकारियों के साथ मल्टी लेवल बैठक भी होने वाली है.
सिलिगुड़ी कॉरिडोर पर सरकार की नजर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिनों के बिहार दौरे पर आ रहे हैं. गृह मंत्री अमित शाह भारत नेपाल बॉर्डर पर वाइब्रेंट विलेज का दौरा भी करने वाले हैं. सीमांचल दौरे का मुख्य फोकस राज्य में हो रहा जनसांख्यिकीय बदलाव भी रहने वाला है. नेपाल सीमा से सटा इलाका सीमांचल है, और इसके पास ‘चिकन नेक’ (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) है, जिसे लेकर सरकार की चिन्ता है. सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा गृह विभाग के प्राथमिकताओं में शामिल है.

बिहार में हैं 53 वाइब्रेंट विलेज
केंद्र सरकार ने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम अप्रैल 2025 में मंज़ूरी दी है, जिसका उद्देश्य भारत के अंतरराष्ट्रीय सीमा-सटे रणनीतिक गांवों का समग्र विकास करना है. इस योजना के तहत 1,954 गांवों को शामिल किया गया है, जो भारत-बांग्लादेश, भारत-नेपाल, भारत-भूटान, भारत-म्यांमार, भारत-पाकिस्तान और अन्य सीमाओं से लगते हैं. बेतिया (पश्चिम चम्पारण) जिले के 31 सीमावर्ती गांवों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है. किशनगंज जिले के 22 गांव VVP-II के लिए चयनित किए गए हैं. कुल मिलाकर 53 के आसपास वाइब्रेट विलेज बिहार में है.
सीमा को सुरक्षित रखने के लिए वाइब्रेंट विलेज जरूरी
सीमावर्ती इलाके में वाइब्रेंट विलेज को समृद्ध करना इसलिए भी जरूरी है कि पड़ोसी देश उन्हीं इलाकों में गांव बसा रहे हैं और आबादी नहीं रहने से अतिक्रमण की संभावना बनी रहती है. इसके साथ ही अवैध कारोबार और तस्करी के लिए सेफजोन बन जाता है. सरकार चाहती है कि वाइब्रेंट विलेज को इतना सशक्त कर दिया जाए कि लोग उन इलाकों से पलायन नहीं करें और हमारी सीमा सुरक्षित हो.

घुसपैठ को लेकर भी होगा मंथन
अररिया स्थित इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात SSB की 52वीं बटालियन के कैंप में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में घुसपैठ के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. सरकार का ध्यान सीमांचल को ‘घुसपैठिया मुक्त’ बनाने पर भी है. सीमांचल के इलाके में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए जगह बना चुके हैं और कैसे घुसपैठिए से निपटा जाए इसे लेकर भी विमर्श होगा. आपको बता दें कि बांग्लादेशी घुसपैठ के चलते सीमांचल की डेमोग्राफी बदल रही है और अल्पसंख्यक आबादी बहुत तेजी से बढ़ रही है.
सीमांचल में आए हैं डेमोग्राफिक बदलाव
हाल के कुछ वर्षों में सीमांचल में डेमोग्राफिक चेंज भी आया है. धार्मिक संरचना में बदलाव को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. 2011 की जनगणना के अनुसार किशनगंज में मुस्लिम आबादी लगभग 68% है, जबकि अररिया में लगभग 43%, कटिहार में लगभग 45%, पूर्णिया में लगभग 38% मुस्लिम आबादी है. पिछले 3–4 दशकों में इन ज़िलों में मुस्लिम आबादी का प्रतिशत बढ़ा है, जबकि राज्य के कई अन्य हिस्सों में वृद्धि दर में कमी दर्ज की गई है. यह बदलाव मुख्यतः बांग्लादेशी घुसपैठ, उच्च जन्मदर, स्थानीय सामाजिक-आर्थिक कारणों से जुड़ा माना जाता है.
अमित शाह का बिहार में कार्यक्रम
गृह मंत्री अमित शाह 25 फरवरी यानी आज शाम 4:00 बजे पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए किशनगंज के लिए रवाना होंगे. शाम 5:00 बजे से लेकर शाम 7:00 बजे तक किशनगंज समाहरणालय में गृह मंत्री की समीक्षा बैठक होगी. गृह मंत्री अमित शाह किशनगंज में रात्रि विश्राम करेंगे और 26 फरवरी को सुबह अररिया के लिए प्रस्थान करेंगे.

यहां भी रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह
सुबह 11:00 बजे-सीमा चौकी लेट्टी में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. गृह मंत्री अमित शाह अररिया समाहरणालय-सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों व अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक के बाद वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 में हिस्सा लेंगे. गृह मंत्री अमित शाह पूर्णिया में रात्रि विश्राम करेंगे. 27 फरवरी को अमित शाह पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों से जुड़े मामलों पर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे और फिर समीक्षा बैठक के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.
देश की सुरक्षा पर स्ट्रेटजी बनाएंगे अमित शाह
नेपाल के जरिए आतंकी देश के अंदर दाखिल हो जाते हैं, प्लेन हाईजैक के समय ऐसा ही हुआ था. सीमा को सुरक्षित करना बेहद जरूरी है. गृह मंत्री मल्टीलेवल सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन बैठक भी करेंगे. हमारे पड़ोसी देश चिकन नेक की ओर भी बुरी नजर डालते हैं और उसे लेकर भी गृह मंत्री रणनीति बनाएंगे. अंतर्राष्ट्रीय सीमा के जरिए अवैध रूप से नशे का कारोबार होता है, कैसे तस्करी रुके इसे लेकर भी अधिकारियों के साथ गृह मंत्री बैठक कर सकते हैं.




Leave a Reply