पूर्णिया: पूर्णिया एयपोर्ट से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने दो नई बस शुरू हो गई है। इससे सीमांचल क्षेत्र के अररिया, फारबिसगंज के अलावा पड़ोसी देश नेपाल तक के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। नेपाल के यात्री जो पूर्णिया एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ते हैं या वहां उतरकर अपने घर जाते हैं, उनके लिए हवाई अड्डा से अपने गृह क्षेत्र जाने के लिए सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिल जाएगी। अररिया और फारबिसगंज (नेपाल बॉर्डर) के यात्री सीधे बस पकड़कर पूर्णिया एयपोर्ट आ-जा सकेंगे। यात्रियों को एयरपोर्ट आने-जाने के लिए टैक्सी आदि करने की मजबूरी नहीं होगी।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी मार्ग पर दो बसों (रजिस्ट्रेशन सं० बीआर-01 पीएच-3569 एवं बीआर01 पीएच-4371) का परिचालन 18 फरवरी से शुरू कर दिया है। यह बस एयरपोर्ट से सीधे नेपाल सीमा तक जाएगी। इससे नेपाल के यात्रियों को भी लाभ होगा। BSRTC के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रतीक कुमार ने सोमवार को बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी के लिए पहली बस सुबह 09:45 बजे रवाना होगी। वहीं, दूसरी बस दोपहर में 02:45 बजे खुलेगी। इसी तरह, जोगबनी से पूर्णिया एयरपोर्ट के लिए पहली बस सुबह 6:30 बजे खुलेगी, जबकि दूसरी बस दोपहर 2:30 बजे शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि निगम की ओर से फिलहाल इन बसों को विशेष परमिट के तहत चलाया जा रहा है। स्थायी परमिट मिलने के बाद सुविधा का विस्तार किया जाएगा।

पिछले साल शुरू हुआ था पूर्णिया एयरपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर 2025 को पूर्णिया हवाई अड्डा का उद्घाटन किया था। यहां से दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए सीधी फ्लाइट है। बिहार के सीमांचल क्षेत्र के अलावा नेपाल तक के यात्री पूर्णिया एयरपोर्ट से विमान सेवा का लाभ उठा रहे हैं। यहां से देश के महानगरों तक पहुंच आसान हो गई है। आने वाले समय में पूर्णिया से मुंबई, गुवाहाटी, बेंगलुरु जैसे शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू की जाएगी।

फोरलेन कनेक्टिविटी का इंतजार
दरअसल, पूर्णिया एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए जो रोड बना हुआ है, वो अभी सिंगल लेन है। इसे फोरलेन करने की योजना है। फोरलेन कनेक्टिविटी नहीं होने से हवाई सेवा के विस्तार में रोड़ा अटका हुआ है। पिछले दिनों विधान परिषद में एमएलसी संजीव सिंह ने यह मामला उठाया था।




Leave a Reply