मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मैट्रिक परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र के साथ कथित तौर पर स्कूल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मी द्वारा अमानवीय व्यवहार किया गया. मामला बीबी कॉलेजिएट स्कूल का है.

मैट्रिक के छात्र से मारपीट का आरोप
छात्र की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनका 16 वर्षीय पुत्र 20 फरवरी को प्रथम पाली में मैट्रिक की परीक्षा देने गया था. परीक्षा केंद्र के अंदर जाने के बाद उसे पता चला कि उसका कलम छूट गया है. इसी क्रम में वह पास के क्लास रूम से अपने साथी से कलम लेकर लौट रहा था.तभी वहां तैनात एक सुरक्षा कर्मी ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की.

कराया गया 100 बार उठक-बैठक
आरोप है कि सुरक्षा कर्मी छात्र को पीटते हुए स्कूल की महिला प्रिंसिपल के कार्यालय में ले गया, जहां छात्र पर बिना प्रमाण के शीशा तोड़ने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की गई और उसे 100 बार उठक-बैठक करने के लिए मजबूर किया गया.
अगले दिन भी मानसिक प्रताड़ना का आरोप
इस घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया, हालांकि किसी तरह उसने परीक्षा पूरी की. पीड़िता का यह भी आरोप है कि अगले दिन 21 फरवरी को जब छात्र परीक्षा देने पहुंचा, तो उसका प्रवेश पत्र और उत्तर पुस्तिका छीन ली गई और शिकायत करने पर करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई.

स्कूल प्रिंसिपल व सुरक्षा गार्ड पर FIR
छात्र ने बताया कि वह सिर्फ कलम लेने के लिए दूसरे क्लास में गया था और वापस लौट रहा था, तभी उसे रोककर पीटा गया. बाद में प्रिंसिपल के पास ले जाकर गाली-गलौज की गई और 100 बार उठक-बैठक करवाई गई. इस पूरे मामले पर सिटी एसपी मोहमद अभिबुल्ला अंसारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर स्कूल प्रिंसिपल व सुरक्षा गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.



Leave a Reply