पटना : राजधानी पटना के दिल में बसे संजय गांधी जैविक उद्यान यानी पटना जू ने इस वीकेंड एक नया इतिहास रच दिया। इतवार के दिन यहां सैलानियों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि एक ही रोज़ में 19,378 आगंतुकों ने दाख़़िला लिया। यह आंकड़ा 1 जनवरी के बाद इस साल का दूसरा सबसे बड़ा दैनिक रिकॉर्ड बन गया। इससे पहले नववर्ष के मौके पर सबसे ज्यादा भीड़ दर्ज की गई थी, मगर इस बार भी जू की रौनक देखते ही बनती थी।

आंकड़ों के मुताबिक 11,879 व्यस्क, 1,421 बच्चे, 08 दिव्यांग आगंतुक, 4,102 व्यस्क ग्रुप और 1,968 बच्चों के ग्रुप ने जू का दीदार किया। इसके अलावा 1,107 लोग थ्री-डी थिएटर पहुंचे, जिनमें 879 व्यस्क और 228 बच्चे शामिल थे। बच्चों के लिए प्रवेश मुफ़्त रहा, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान और भी गहरी दिखी।

वीकेंड की छुट्टी और खुशनुमा मौसम ने परिवारों, तलबा-ओ-तालिबात और प्रकृति प्रेमियों को जू की तरफ़ खींच लिया। हर ओर चहल-पहल, बच्चों की खिलखिलाहट और कैमरों की चमक दिखाई दी। जू प्रशासन का कहना है कि बढ़ती तादाद इस बात की दलील है कि लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति शऊर और दिलचस्पी बढ़ रही है। साथ ही यह जू की मक़बूलियत और अहमियत को भी उजागर करता है।





Leave a Reply