BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

इश्तिहार की गूंज से टूटा हौसला, 7 लाख लू’टकांड का फरार आरोपी ने कुर्की के डर से कोर्ट में किया सरेंडर

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर पुलिस की सख्ती आखिर रंग लाई। इश्तिहार और कुर्की-जब्ती की तलवार लटकते ही लूटकांड का फरार आरोपी अदालत की चौखट पर जा पहुँचा। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है अपराध कर भागना अब आसान नहीं।

मामला औराई थाना क्षेत्र का है। 12 जून 2025 को भरथुआ निवासी टुनटुन साह, जो  बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी चलाते हैं, उनसे बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर 7 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए थे। वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। मामले की नजाकत को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम गठित की। तफ्तीश के दौरान औराई थाना के नयागांव निवासी शिवचंद्र सहनी का नाम सामने आया।

इसके बाद से पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, मगर आरोपी गिरफ्तारी के खौफ से फरार था। आखिरकार पुलिस ने कानूनी दांव चला न्यायालय से इश्तिहार हासिल कर बैंड-बाजे के साथ आरोपी के घर पहुँचकर चस्पा किया गया। ऐलान हुआ: “या तो कोर्ट में सरेंडर करो, या फिर घर की कुर्की-जब्ती के लिए तैयार रहो।” यह सख्ती इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

कुर्की की आशंका और पुलिस के बढ़ते शिकंजे ने आरोपी का हौसला तोड़ दिया। नतीजा शिवचंद्र सहनी ने मुजफ्फरपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब उससे पूछताछ कर लूट की रकम और वारदात में शामिल अन्य साथियों की कड़ियाँ खंगाली जाएंगी।

लगातार हो रही इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में फरार अपराधियों के लिए जमीन सिमटती जा रही है। पुलिस का संदेश दो टूक है कानून से भागोगे तो कुर्की का ढोल बजेगा, और अंततः सलाखों के पीछे जाना ही होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.