BIHARMUZAFFARPURSTATE

पटना में नहीं लगेगा जाम ! मिनटों में पहुँचेंगे एम्स, रिंग रोड से एम्स गोलंबर तक इस दिन से शुरु होगा फोरलेन रोड

पटना : राजधानी पटना में यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक अहम परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। पटना रिंग रोड (बिहटा-सरमेरा) से एम्स गोलंबर तक 10.5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य 32 प्रतिशत पूरा हो चुका है। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, यह सड़क अगले वर्ष जनवरी तक आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। यानी जनवरी 2027 से आप फोरलेन रोड पर सफर कर सकेंगे।

रिंग रोड से एम्स तक जाममुक्त सफर 

यह सड़क रिंग रोड के नेवा अंडरपास से जुड़ रही है। परियोजना पूरी होने के बाद रिंग रोड से एम्स तक जाममुक्त सफर संभव होगा। अधिकारियों के मुताबिक, बिहटा की ओर से आने वाले लोग कन्हौली से बिहटा-सरमेरा रिंग रोड पर लगभग 21 किमी की दूरी तय कर नेवा पहुंचेंगे, जबकि दनियावां की ओर से आने वालों को करीब 35 किमी का सफर करना होगा।

जनवरी से शुरु हो जाएगी सड़क 

बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवापथ के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण पर 138.50 करोड़ रुपये और पुल निर्माण पर 73.06 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नौबतपुर लख के पास फ्लाइओवर का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा कराया जा रहा है।

रिंग रोड से एम्स गोलंबर कर सीधी कनेक्टिविटी 

परियोजना पूरी होने के बाद रिंग रोड से एम्स गोलंबर होते हुए उत्तर बिहार के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। एम्स गोलंबर से पाटलिपथ के रास्ते दीघा पहुंचकर जेपी गंगा पथ के जरिए उत्तर बिहार जाया जा सकेगा। साथ ही दीदारगंज होते हुए बख्तियारपुर, राघोपुर दियारा समेत अन्य इलाकों तक भी जाममुक्त सफर संभव होगा। गौरतलब है कि 21 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान जिले में 10,871 करोड़ रुपये की 32 योजनाओं की घोषणा की गई थी। इन योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है और उप विकास आयुक्त को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.