BIHARMUZAFFARPURSTATE

‘धर्म के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं’, चा’कूबाजी में घा’यल लोगों से मिलकर बोलीं विधायक मैथिली ठाकुर

दरभंगा: दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के रणपरती मैदान में आयोजित मून स्टार क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवकों से अलीनगर की भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) पहुंचकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

अस्पताल से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में एक सिरफिरे व्यक्ति द्वारा इस तरह की गंभीर घटना को अंजाम देना बेहद दुखद है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विधायक ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर पूरी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर किसी भी प्रकार की लड़ाई या उन्माद फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। टूर्नामेंट के उद्घाटन में स्वयं मौजूद रहने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने वहां भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश दिया था। ऐसे में इस घटना को किसी भी सूरत में हल्के में नहीं लिया जा सकता।

जानकारी के अनुसार, मैच के दौरान मामूली कहासुनी के बाद मुख्य आरोपी मोहम्मद चांद ने वहां मौजूद एक मछली विक्रेता से धारदार हथियार लेकर हमला कर दिया। हमले में दुर्गानंद झा और आदित्य मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। वहीं राजन मिश्रा को बेहतर उपचार के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने दोहराया कि खेल को खेल भावना से देखा जाना चाहिए और धर्म के नाम पर किसी भी तरह की हिंसा स्वीकार्य नहीं है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.