मुजफ्फरपुर : उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मंदिर परिसर को फूल-माला से सजाया जा रहा है. शिव-पार्वती विवाहोत्सव को लेकर पूरे शहर में उत्सव का माहौल है. वहीं पिछले 68 वर्षों से बाबा गरीबनाथ की मौड़ी तैयार करने वाला परिवार इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ भगवान शिव की विशेष मौड़ी बनाने में जुटा हुआ है.

68 साल पुरानी परंपरा
शिव-पार्वती विवाह के अवसर पर बाबा गरीबनाथ 5 फीट ऊंची मौड़ी धारण करेंगे, जबकि बारात में 3 फीट की मौड़ी का उपयोग किया जाएगा. मौड़ी निर्माण की यह अनूठी परंपरा 68 वर्षों से निशुल्क निभाई जा रही है. इस परंपरा की शुरुआत फग्गूलाल साह ने की थी, जिसे बाद में रामनारायण साह और राजकुमार साह ने आगे बढ़ाया. वर्तमान में यह कार्य चौथी पीढ़ी द्वारा किया जा रहा है.


शिवरात्रि के दिन पूरा शहर बाबा के बाराती
बीजेपी नेता प्रभात मालाकार ने बताया कि महाशिवरात्रि पर देशभर में उत्साह है, लेकिन बिहार का गरीबनाथ धाम विशेष आकर्षण का केंद्र है. मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार से पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के विवाहोत्सव में शामिल होते हैं. इस अवसर पर पूरा शहर बाबा का बाराती बन जाता है.

इन इलाकों से गुजरेगी शिव बारात
मड़वा-मटकोर पूजन के साथ शनिवार से शिव-पार्वती विवाहोत्सव की शुरुआत होगी. रविवार दोपहर शहर में भव्य शिव बारात निकाली जाएगी. गोला रोड स्थित रामभजन बाजार बारात घर से शिव बारात निकलेगी. शोभायात्रा गोला रोड दुर्गास्थान, ब्राह्मण टोली, सोनारपट्टी, पुरानी बाजार, छोटी कल्याणी, हरिसभा चौक, कल्याणी चौक, मोतीझील, संतोषी माता मंदिर, इस्लामपुर, सूतापट्टी, सरैयागंज और दलदली बाजार होते हुए बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचेगी.

शोभायात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे
बारात निकलने से पूर्व बाबा गरीबनाथ मंदिर में भगवान शिव को पांच फीट की मौड़ी पहनाकर रथ पर सवार किया जाएगा. इसके बाद बाबा माखन साह चौक से निकलने वाली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होंगे.



Leave a Reply