समस्तीपुर: पटना में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने अपराधियों के बिहार से भागने का दावा किया। इसी बीच समस्तीपुर में हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लूट के दौरान अंधाधूंध फायरिंग करके दहशत मचा दिया। घटना खानपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गाहर चौक पर हुई। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई।

वारदात के बाद स्थानीय व्यवसाइयों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के गाहर चौक पर शुक्रवार को तीन नकाबपोश बदमाशों ने प्रियंका ज्वेलरी दुकान में घुसकर करीब 3 किलो सोना और 20 किलो चांदी लूट ली, जिसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है।

खरीददार बताकर दुकान में घुसे बदमाश
दुकानदार ने बताया कि दोपहर के वक्त तीन बदमाश ग्राहक बनकर दाखिल हुए। श्रीपुरगाहर पूर्वी पंचायत स्थित दुकान के मालिक भोला साह ने बताया कि हम लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधियों ने हथियार निकाल लिया। सभी डर गए। बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर दुकानदार और स्टाफ को बंधक बना लिया। उसके उनकी दुकान में रखे जेवरात समेटने लगे। जब उनका विरोध किया गया तो दहशत फैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग शुरू कर दिया। कई राउंड गोलियां चलाकर सबको बैठा दिया और जेवर लेकर बाइक से फरार हो गए।

पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे स्थानीय लोग
घटना की खबर जंगल में आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। दुकान के बाहर भारी संख्या में लोग जुट गए। दिन दहाड़े हुई वारदात के खिलाफ आक्रोशित ग्रामीणों ने रोसड़ा-हथौड़ी पथ को जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी करके प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों और व्यवसाइयों ने का आरोप लगाया कि इलाके में पुलिस गश्ती को लेकर थाने का कोई ध्यान नहीं है। बदमाश रेकी करके लूट पाट को अंजाम देते हैं पर पुलिस और खुफिया तंत्र को कुछ पता नहीं चलता।

डीएसपी ने संभाला मोर्चा
आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन से स्थिति बिगड़ती देख सदर डीएसपी-2 संजय कुमार मौके पर पहुंचे और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को मनाया। करीब दो घंटे बाद जाम खुला और आवागमन बहाल हुआ। समस्तीपुर में इतनी बड़ी लूट की वारदात तब हुई जब शुक्रवार को पटना में सम्राट चौधरी कानून का राज का दावा कर रहे थे। गृहमंत्री ने दावा किया कि अपराधी रोज बिहार छोड़कर भाग रहे हैं। सवाल उठता है कि लूटपाट को कौन अंजाम दे रहे हैं।



Leave a Reply