सासाराम: बिहार के सासराम में शादी की जश्न का माहौल उस समय ख़ून और ख़ौफ़ के माहौल में में बदल गया जब डांसर के साथ नाचने के विवाद में गोली चलने लगी। एक युवक को उसके दोस्त ने गोलियों से छलनी कर दिया। जिस महफ़िल में तालियों और सीटियों की गूंज थी, वह एक पल में मातम का सामान बन गया। इस वारदात में 25 वर्षीय युवक वीर बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। नाच से स्टेज पर खून से भींगे बिखरे नोट और एक लाश कत्ल की गवाही दे रही थी।

जानकारी के मुताबिक सासाराम के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोढनडीह गाँव में बारात आई थी। अतिथियों के मनोरंजन के लिए नाच का आयोजन किया गया था। इसी दौरान शनिवार की अहले सुबह लड़की के साथ नाचने को लेकर एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि ढोढनडीह गाँव निवासी मिथिलेश सिंह उर्फ़ विधायक की लड़की की शादी थी। शुक्रवार की शाम बारात बिहिया भोजपुर के यादवपुर से आई थी। एक तरफ विवाह के रस्म रिवाज निभाए जा रहे थे तो दूसरी ओर रंगीन महफिल सजी थी। इसी बीच तमंचा गरजा और एक लाश गिर गई। शनिवार की सुबह करीब पांच बजे गाँव के ही युवक वीर बहादुर सिंह की हत्या कर दी गई जिसे लड़की के पिता का दोस्त बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक वीर बहादुर मंच पर डांस कर रही लड़की के साथ नाचने चला गया और उसे पैसे भी दे रहा था। इसी बीच वीर बहादुर का एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया। वीर बहादुर ने उसे मना किया और मंच से नीचे उतार दिया। इसी क्रम में उसके करीबी मित्र ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक ने वीर बहादुर के सिर में तीन गोलियां मार दी जिससे वह मंच पर ही ढेर हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही सूर्यपुरा थाना, नटवार थाना,भानस ओपी, दावथ थाना,इंसपेक्टर शेर सिंह यादव,डीएसपी सिंधु शेखर सिंह दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस को एक थ्री फिफ्टीन का खोखा पड़ा हुआ मिला जबकि कुछ बिखरे पड़े नोट और मृतक का मोबाइल पुलिस ने जब्त किया।

पुलिस घटना की सभी बिन्दुओ की गहनता से जांच कर रही है। शव का पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया है। डीएसपी सिंघू शेखर सिंह ने बताया कि गोली मारने वाला मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है। पुलिस गहनता के साथ जांच कर रही है। डीएसपी ने मृतक के सिर में दो गोली मारने की पुष्टि करते हुए बताया कि फोरेंसिंक जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। घटना स्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्यों को जब्त किया है।



Leave a Reply