वैशाली : बिहार के वैशाली में बड़ा एनकाउंटर हुआ है. पटना एसटीएफ एवं वैशाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार को ढेर कर दिया है. इस एनकाउंटर में प्रिंस की जहां मौत हो गयी है, वहीं उसके एक साथी को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है.

कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार मुठभेड़ में ढेर
पुलिस की ये कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी स्थित हनुमान नगर में हुई है. घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. मुठभेड़ के दौरान प्रिंस का एक सहयोगी भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया है. उसके पास से भी अवैध हथियार बरामद हुए हैं.

सुबोध सिंह का राइट हैंड
कुख्यात प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार की पहचान बिहार के सबसे बड़े सोना लूट गिरोह के सरगना सुबोध सिंह के करीबी के रूप में होती है. इसके खिलाफ लगभग दो दर्जन से ज्यादा लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज थे. वैशाली पुलिस को प्रिंस कुमार की तलाश कई संगीन मामले में थी जिसमें वह वर्षो से फरार चल रहा था.

गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस की इस कार्रवाई के संबंध में एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुख्यात प्रिंस हनुमान नगर स्थित एक घर में छिप कर रह रहा है. सूचना पर एसटीएफ और वैशाली पुलिस की टीम ने छापेमारी की. छापेमारी के क्रम में आरोपित द्वारा फायरिंग की गयी.
पुलिस की कर दी थी हत्या
दरअसल, प्रिंस उर्फ अभिजीत कुमार सोना लूटकांड गिरोग के सरगना सुबोध सिंह का राइट हैंड और शार्प शूटर थी. प्रिंस 2018 में हाजीपुर सिविल कोर्ट में एक पुलिसकर्मी की हत्या कर फरार हो गया था. जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार किया था. वह बेउर जेल में बंद था लेकिन 2 सितंबर को इलाज के बहाने वह पीएमसीएच आया जहां से फिल्मी स्टाइल में उसने 8 पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी दी और सभी पुलिसकर्मियों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गया था. तब से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था.

2 लाख का था इनाम
वैशाली पुलिस ने हाल ही में गोरौल थाना क्षेत्र कर हुसैना गांव स्थित उसके घर पर इश्तिहार भी चिपकाया था, लेकिन उसने आत्मसमर्पण नहीं किया. बिहार सरकार ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. वह पुलिसकर्मी की हत्या सहित कई संगीन मामलों में वांछित था.

देशभर में सोना लूटा
सुबोध सिंह और प्रिंस गिरोह ने 2017 में आसनसोल से 56 किलो सोना, 2019 में हाजीपुर से 55 किलो सोना, 2022 में राजस्थान के उदयपुर से 24 किलो सोना, 2022 में ही मध्य प्रदेश के कटनी से 16 किलो सोना और 2023 में देहरादून से 18 किलो सोने की लूट की थी. इसके अलावे भी प्रिंस के ऊपर लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट के 28 मामले दर्ज हैं.



Leave a Reply