BIHARPATNASTATE

होमगार्ड बहाली में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ाया, पुलिस ने लिया हिरासत में

बिहार: सहरसा जिले के स्टेडियम ग्राउंड में चल रही होमगार्ड बहाली के दौरान शुक्रवार को एक फर्जी अभ्यर्थी को रंगेहाथ पकड़ लिया गया।

होमगार्ड के कमांडेंट संदीप कुमार ने फर्जी अभ्यर्थी को तत्काल सहरसा सदर थाना पुलिस को सौंप दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उम्र और चेहरे में फर्क देख हुआ शक

कमांडेंट संदीप कुमार के अनुसार, 1 जुलाई से 15 जुलाई तक स्टेडियम ग्राउंड में होमगार्ड पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। शुक्रवार को ऊंचाई, सीना और लंबाई की जांच की जा रही थी।

इस दौरान एक अभ्यर्थी का दस्तावेज़ों में जन्मतिथि 31 दिसंबर 1989 दर्ज थी, लेकिन वह महज 21 वर्ष का प्रतीत हो रहा था। संदेह होने पर जब कागजातों की जांच की गई, तो सामने आया कि वह अभ्यर्थी असली नहीं, बल्कि फर्जी है।

दूसरे के नाम पर दे रहा था शारीरिक परीक्षा

कमांडेंट ने बताया कि शारीरिक जांच में शामिल हुआ युवक, जय राम कुमार, असल में बिहरा थाना क्षेत्र के बिशनपुर पंचायत के आरण गांव वार्ड नंबर 13 निवासी बेचन यादव का 21 वर्षीय पुत्र है।

वह विजेंद्र कुमार के स्थान पर परीक्षा में शामिल हुआ था, जबकि विजेंद्र उसी गांव का निवासी और वास्तविक अभ्यर्थी है।

घटना की जानकारी मिलते ही सहरसा सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फर्जी अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि जय राम कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.