BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

सम्राट चौधरी ने मंच से चांदी का मुकुट लौटाया, कहा- बहनों के लिए बनवा दें पायल

बिहार के गयाजी के मानपुर में सम्राट अशोक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें बतौर मुख्य अतिथि बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिरकत की. जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें सोने-चांदी का मुकुट पहनाया लेकिन सम्राट चौधरी ने खुले मंच से जनसमूह के सामने दोनों मुकुट को आयोजकों को वापस कर दिया.

सम्राट चौधरी ने मुकुट लौटाया

हालांकि इस दौरान आयोजक बार-बार उनसे मुकुट को रखने का आग्रह करते रहे लेकिन उन्होंने बड़ी ही सादगी से मुकुट को स्वीकार करने से मना कर दिया. उन्होंने आयोजकों से कहा कि हमने आपके तोहफे को स्वीकार कर लिया लेकिन हमें यह नहीं चाहिए. इसके बाद आयोजकों ने मुकुट को वापस रख लिया.

बहनों के लिए बनवा दें पायल

वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन कौशल कुमार वर्मा और विनय कुशवाहा ने हमें सोने-चांदी का मुकुट दिया है लेकिन हमें यह मुकुट नहीं चाहिए. उन्होंने उनसे गुजारिश करते हुए कहा कि अगर हो सके तो यहां मौजूद हमारी बहनों को आप पायल बनवा दें.

हमें तो जनता का आशीर्वाद चाहिए
डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारे लिए सोने-चांदी का मुकुट कोई मायने नहीं रखता. हमें जनता का आशीर्वाद चाहिए. उन्होंने कहा कि राज दरबार का समय खत्म हो गया है. अब तलवारों से सत्ता नहीं चलती. हमें तो जनता का आशीर्वाद चाहिए ताकि बिहार के विकास को और तेजी से आगे बढ़ा सकें. जब बिहारियों को हिस्सेदारी मिलेगी, तब बिहार का विकास होगा.
कौन हैं सम्राट चौधरी?
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बिहार बीजेपी के कद्दावर नेता हैं. वह इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष भी रहे थे. 56 वर्षीय सम्राट सबसे पहले 1999 में राबड़ी देवी सरकार में बने थे. इसके बाद से वह अलग-अलग सरकारों में भी मंत्री रहे हैं. उनके पिता शकुनी चौधरी भी राज्य के बड़े नेता रहे हैं. माना जाता है कि आने वाले समय में अगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के सबसे बड़े दावेदार होंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.