मोतिहारी पहुंचे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय एक शैक्षणिक कार्यक्रम के दौरान विवादों में घिर गए हैं। मोतिहारी के एक महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने सार्वजनिक मंच से योग गुरु बाबा रामदेव पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे वहां मौजूद छात्राएं और अतिथि स्तब्ध रह गए।

कार्यक्रम का आयोजन नई शिक्षा नीति पर चर्चा के लिए किया गया था। लेकिन संबोधन के दौरान कुलपति विषय से भटकते हुए बाबा रामदेव और उनके व्यवसायिक गतिविधियों पर बोलने लगे। उन्होंने कहा कि पहले वे बाबा रामदेव का सम्मान करते थे क्योंकि उन्होंने योग को घर-घर तक पहुंचाया, लेकिन अब वह उन्हें सम्मान नहीं देते क्योंकि, उनके अनुसार, बाबा रामदेव एक व्यवसायिक छवि में बदल गए हैं।

कुलपति ने बाबा रामदेव द्वारा “10 हजार साहीवाल नस्ल की गायों के साथ डेयरी फार्म खोलने” के बयान का जिक्र करते हुए एक असंवेदनशील और अमर्यादित टिप्पणी कर दी, जिससे कार्यक्रम में बैठे लोग असहज हो गए। उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है और इसे लेकर शिक्षा जगत में नाराजगी देखी जा रही है।

छात्राएं और कई अतिथि यह देखकर हैरान रह गए कि उच्च शैक्षणिक पद पर बैठे किसी कुलपति द्वारा सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया जाना कहां तक उचित है। यह मामला अब सार्वजनिक बहस का विषय बन चुका है और कुलपति के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।








Leave a Reply