शिवहर: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर इन दिनों ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं. इसी क्रम में जब वे शिवहर जिले के युगल किशोर जयमंगल इंटर महाविद्यालय तरियानी चौक पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया.

वहीं रैली को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने एनडीए सरकार पर जोरदर हमला बोला. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बाद भी बिहार के बच्चे अनपढ़ हैं और रोजगार के अभाव में मजबूर बन रहे हैं.

‘वोट बिहार का, फैक्ट्री गुजरात में’
प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी बिहार आते हैं और बड़े-बड़े दावे करके चले जाते हैं.

उनको ये बताना चाहिए कि केंद्र में 11 साल और बिहार में 20 साल से एनडीए की सरकार होने के बावजूद राज्य के हालात क्यों नहीं बदले. पीके ने तीखे लहज में कहा कि बीजेपी वोट बिहार का लेती है और फैक्ट्री गुजरात में लगाती है लेकिन मोदी जी अब ये नहीं चलेगा।

पढ़ाई और रोजगार का मुद्दा उठाया
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके गांव में नाली-गली नहीं बनी, स्कूल-अस्पताल नहीं खुले, सीतामढ़ी और शिवहर में फैक्ट्री नहीं लगी लेकिन आपके वोट से अयोध्या में राम मंदिर बन गया.

प्रशांत किशोर ने कहा कि लोग वोट तो जाति और धर्म के नाम पर देते हैं लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी जाति के नेता ने आपके बच्चों की शिक्षा और रोजगार की गारंटी दी?

उन्होंने कहा कि जब आप लोग पढ़ाई और रोजगार के लिए वोट ही नहीं करते तो आपके बच्चे अनपढ़ और मजदूर ही तो बनेंगे.

पीके की सभा में उमड़ी जबरदस्त भीड़
प्रशांत किशोर की सभा में लोगों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली. उनको देखने और सुनने के लिए महलाओं और युवाओं का जनसैलाब उमड़ा था.

मंच पर उनके साथ बेलसंड विधानसभा क्षेत्र की संभावित प्रत्याशी अर्पणा सिंह और समाजसेवी नितेश सिंह ‘उर्फ महाराज’ सहित सैकड़ों जन सुराजी मौजूद थे.




Leave a Reply