मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र में मंगलवार को आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर हावी हो गया कि सुबह से दोपहर तक करीब 25 लोगों को काटकर घायल कर दिया गया।

प्रखंड परिसर और रामजेवर हाई स्कूल के आस-पास का इलाका कुत्तों के आतंक का केंद्र बन गया। लोग अब घरों से निकलने में भी डर रहे हैं।

औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर्मी पंकज कुमार ने बताया कि अब तक करीब 24 से 25 लोग कुत्तों के काटने से जख्मी होकर अस्पताल पहुंचे हैं।

सभी का प्राथमिक इलाज कर घर भेजा गया है। फिलहाल 5 लोग और इलाज के लिए प्रतीक्षारत हैं।

कुत्तों ने बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों तक को नहीं बख्शा। स्कूल जा रहे छात्र, बाजार जा रही महिलाएं और सुबह की सैर पर निकले लोग – कोई भी सुरक्षित नहीं रहा।

स्थानीय लोगों में भारी ग़ुस्सा है। लोगों का कहना है कि प्रखंड प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। न तो नसबंदी अभियान चलाया गया, न ही आवारा कुत्तों की संख्या पर कोई नियंत्रण।

सरकारी तंत्र की लापरवाही का नतीजा है कि आज औराई के लोग अपने ही मोहल्ले में डर के साये में जी रहे हैं। कुत्तों के इस आतंक पर अगर समय रहते लगाम नहीं कसी गई, तो यह पागलपन और भी खतरनाक रूप ले सकता है।






Leave a Reply