पटना: बिहार की राजनीति और फैशन की दुनिया का अद्भुत संगम उस वक्त देखने को मिला, जब भोजपुर के तरारी से बीजेपी विधायक विशाल प्रशांत की पत्नी और पूर्व बाहुबली नेता सुनील पांडेय की बहू ऐश्वर्या राज ने मिसेज बिहार 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया.

BJP विधायक की पत्नी बनीं ‘मिसेज बिहार 2025’
राजधानी पटना के होटल पाटलिपुत्र एग्जॉटिका में आयोजित इस भव्य समारोह में ऐश्वर्या ने न केवल अपनी सुंदरता से, बल्कि आत्मविश्वास, प्रतिभा और मंच पर अपने प्रदर्शन से भी निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया.

ऐश्वर्या का यह खिताब जीतना इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि वह एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हुए घरेलू जीवन में भी सक्रिय हैं. अब फैशन व सौंदर्य मंच पर भी अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं.

ऐश्वर्या का सशक्त प्रदर्शन
प्रतियोगिता के फिनाले राउंड में ऐश्वर्या राज ने अपने आत्मबल, वाक्चातुर्य और व्यक्तित्व की चमक से सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए ताज पर कब्जा जमाया. प्रतियोगिता में बिहार भर की 21 से 55 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं ने भाग लिया था.

चार प्रमुख चरणों में जबरदस्त प्रदर्शन
ऐश्वर्या ने बॉलीवुड राउंड, इंट्रोडक्शन राउंड, फैशन वॉक और प्रश्नोत्तर राउंड जैसे चार प्रमुख चरणों में जबरदस्त प्रदर्शन किया. हर चरण में उन्होंने अपनी गरिमा और आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया. इस प्रतियोगिता का आयोजन आईज ब्रेकर ओसियन विजन प्रा. लि. द्वारा किया गया.

फर्स्ट रनर अप अपूर्वा गुप्ता
इस कांटे की टक्कर वाली प्रतियोगिता में कुल 14 प्रतिभागियों ने फिनाले राउंड में जगह बनाई थी. इनमें से अपूर्वा गुप्ता को फर्स्ट रनर अप और शुभांगी बगेवादी को सेकेंड रनर अप घोषित किया गया.

लेकिन ऐश्वर्या राज की प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने सभी को पीछे छोड़ दिया. यह मंच महज सुंदरता का नहीं, बल्कि प्रतिभा, विचार और समाज को नई दिशा देने वाली सोच का भी प्रतीक बन गया.

आम गृहिणियों का असाधारण प्रदर्शन
मिसेज बिहार 2025 की विशेषता यह रही कि इसमें बिहार की आम गृहिणियों ने भी रैंप पर ऐसा जलवा बिखेरा कि हर कोई देखता रह गया. मंच पर उनके आत्मविश्वास, चलने का अंदाज और संवाद क्षमता ने यह संदेश दिया कि महिलाएं अब सिर्फ घरों तक सीमित नहीं हैं.

बिहार की महिलाओं की तारीफ
ऐश्वर्या राज खुद एक राजनीतिक घराने से जुड़ी होने के बावजूद अपनी व्यक्तिगत पहचान बनाने के इस मंच को बेहद गरिमापूर्ण ढंग से जीतीं.

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मिसेज वर्ल्ड 2022 सरगम कौशली और मिसेज इंडिया गैलेक्सी नितिका सत्या ने आयोजन की भव्यता और प्रतिभागियों के आत्मविश्वास की सराहना की.



Leave a Reply