BIHARPATNASTATE

चिराग पासवान करेंगे बिहार का नेतृत्व ! जीजा अरुण भारती का विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा, सीट और सीएम पर बड़ा बयान

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में खुद को उतारने की तैयारी कर चुके लोजपा (रा) प्रमुख चिराग पासवान के बिहार का नेतृत्व करने को लेकर उनके जीजा और जमुई सांसद अरुण भारती ने मंगलवार को बड़ा संकेत दिया.

उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने पर राज्य में जंगलराज खत्म हुआ.

बिहार में सुशासन आया लेकिन अब वक्त है कि एक युवा शक्ति बिहार में आगे आये और पीएम मोदी तथा सीएम नीतीश के साथ बिहार को आगे ले जाए. उन्होंने चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने की खुलकर वकालत की.

उन्होंने कहा कि चिराग पासवान ने हमेशा बिहार को अपनी राजनीति का केंद्र माना है. उन्होंने केंद्रीय मंत्री रहते हुए “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” का नारा दिया. बिहार में मखाना बोर्ड की स्थापना कराई और जातीय जनगणना को केंद्र की मंजूरी दिलवाई.

इसी तरह बायर-सेलर मीट के माध्यम से बिहार के किसानों को देशभर से सीधा लाभ मिल रहा है. ऐसे में जरूरी है कि बिहार को और आगे ले जाने के लिए चिराग पासवान बिहार के विधानसभा पटल से राज्य की बात उठायें. इसके लिए उनका बिहार में चुनाव में उतरना जरूरी है.

उन्होंने कहा कि 16 मई को हमारी पार्टी ने चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा था. उन्होंने कहा कि पहले ही यह कहा गया है कि चिराग पासवान किसी आरक्षित सीट से नहीं बल्कि सामान्य सीट से चुनाव लड़ें. इससे सभी वर्गों में एक बेहतर संदेश जाएगा.

उन्होंने कहा कि वे किस सीट से चुनाव लड़ेंगे यह फैसला एनडीए में सीट शेयरिंग के बाद ही होगा. वहीं सीएम पद पर चिराग पासवान को चेहरे के तौर पर लाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार को आगे ले जाने के लिए युवा शक्ति चाहिए.

हालांकि उन्होंने सफाई दी कि उनके पूर्व के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. उन्होंने कहा कि पद पर बैठने से व्यक्ति नहीं, बल्कि पद की गरिमा बढ़ती है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.