बिहार के रोहतास में रामनवमी से ठीक पहले कुत्ते और बकरी के कारण विवाद को लेकर ग्रामीणों के बीच जमकर पथराव हुआ है. इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं. जिस वजह से गांव में अभी भी तनाव बना हुआ है.

वहीं, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची ने हालात पर काबू पाया. फिलहाल पुलिस इलाके में कैंप कर रही है. अबतक दोनों पक्षों से 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

कुत्ते और बकरी की लड़ाई के बाद बवाल
असल में नासरीगंज के मरोझीया गांव में एक पालतू कुत्ते ने एक बकरी को काट लिया था. इसके बाद बकरी के मालिक ने कुत्ते की पिटाई कर दी.

जिससे कुत्ता का मालिक नाराज हो गया और मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर से पथराव करना शुरू कर दिए. पथराव में कई लोगों का सिर फट गया है.

पत्थरबाजी में कई लोग घायल
लोग अपने घरों की छत के ऊपर से भी पत्थरबाजी करने लगे. जिस वजह कई अन्य लोगों को भी चोट लगी है. वहीं सूचना मिलने पर नासरीगंज के अलावे आसपास के थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया. गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तनाती की गई है. दोनों पक्षों से 27 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिसके बाद भी गांव में तनाव बना हुआ है.

रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि जो लोग भी इस घटना में शामिल हैं, उनको छोड़ा नहीं जाएगा. फिलहाल 27 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.


Leave a Reply