नालंदा : हीरो एशिया कप 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में होने जा रहा है. आज हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद इस आयोजन की आधिकारिक घोषणा की गई. राजगीर द्वारा आयोजित यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन होगा.

बिहार में होगा हॉकी एशिया कप
इससे पहले, नवंबर 2024 में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का सफल आयोजन हुआ था, जिसमें भारत ने ट्रॉफी जीता था. महाद्वीपीय टूर्नामेंट के 12वें संस्करण में आठ टीमें भाग लेंगी, जिनमें भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन और मलेशिया शामिल हैं. शेष दो टीमें क्वालिफाइंग टूर्नामेंट एएचएफ कप के माध्यम से अपनी जगह सुनिश्चित करेंगी.

एशिया कप हॉकी के आयोजन से खेल अधिकारी उत्साहित
राजगीर में इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी पर बात करते हुए बिहार के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव, डॉ बी राजेंद्र ने कहा कि हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच समझौता ज्ञापन बिहार को एक प्रमुख खेल राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करना हमारे राज्य के लिए गर्व की बात है.

खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए शानदार अनुभव होगा : हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजगीर में हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 की मेजबानी भारतीय हॉकी के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम है. यह स्टेडियम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है. मुझे विश्वास है कि यह खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए एक शानदार अनुभव प्रदान करेगा.

दक्षिण कोरिया सबसे आगे
पुरुषों के एशिया कप के इतिहास में दक्षिण कोरिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने पांच खिताब (1994, 1999, 2009, 2013 और 2022) जीते हैं. इसके बाद भारत (2003, 2007 और 2017) और पाकिस्तान (1982, 1985 और 1989) हैं, जिन्होंने तीन-तीन बार यह टूर्नामेंट जीता है.

हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 का महत्व इस वजह से भी बढ़ जाता है क्योंकि यह 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए एक क्वालिफाइंग इवेंट होगा, जिसे बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित किया जाना है.
इस टूर्नामेंट का विजेता विश्व कप में सीधा स्थान प्राप्त करेगा, जिससे प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक हो जाएगी, क्योंकि सभी टीमें ट्रॉफी उठाने और अपनी योग्यता सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगी.


Leave a Reply