BIHARPATNASTATE

28 को नहीं 27 मार्च को समाप्त होगा बिहार विधानसभा का बजट सत्र, जानें कारण

पटना: बिहार विधानसभा का बजट सत्र अब 28 की जगह 27 मार्च को ही समाप्त हो रहा है. 28 मार्च शुक्रवार है और रमजान का अंतिम जुमा होने के कारण बिहार विधानसभा में सभी दलों ने 28 मार्च को बैठक नहीं करने पर सहमति दी है और सदन में भी इस पर प्रस्ताव पास हो गया.

28 मार्च को नहीं चलेगा सदन: संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने सदन में इससे संबंधित प्रस्ताव रखा. विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने इस पर सब की सहमति ली. विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि 28 मार्च के सेकंड हाफ में गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा होना था. वह अब 27 मार्च को होगा.

रमजान के अंतिम जुमे के कारण फैसला: इस तरह 28 फरवरी से 28 मार्च तक पहले सदन चलना था. 13 मार्च को पहले ही सदन की कार्यवाही नहीं हो पाई थी. अब 28 मार्च को भी सदन की कार्यवाही नहीं होगी.

विधानसभा की कार्यवाही हंगामेदार: आरजेडी और विपक्षी दल के नेताओं ने वक्फ बिल को वापस लेने की मांग पर जबरदस्त हंगामा किया. विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव को विपक्षी सदस्यों को टेबल पलटने की कोशिश करने पर चेतावनी देना पड़ा और यह भी कहा कि कड़ी कार्रवाई करेंगे. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आप लोगों की हरकत के कारण एक कर्मचारी को चोट भी लगी है, यह शोभा नहीं देता है.

वक्फ बिल पर हंगामा: स्पीकर ने विपक्ष से कहा कि आप अपनी बात शून्य काल में रखें, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने हंगामा जारी रखा और विधानसभा अध्यक्ष को कुछ ही देर में सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. वक्फ बिल को लेकर आज मुस्लिम संगठनों की ओर से पटना के गर्दनीबाग में धरना दिया गया, जिसमें कई दलों के नेता शामिल हुए. आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद भी शामिल हुए और विपक्ष की ओर से धरना को समर्थन देने की कोशिश विधानसभा में भी की गई.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.