खगड़िया में शुक्रवार रात एक वार्ड सदस्य को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। हत्या मछली पालन को लेकर हुए विवाद के कारण गई है। मृतक की पहचान पिपरपांती गांव निवासी स्व कालीचरण सिंह उर्फ कालो सिंह के पुत्र बमबम सिंह के रूप में हुई है। बमबम सिंह कोयला पंचायत के वार्ड संख्या 6 के वार्ड सदस्य थे। वहीं घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा कि हत्यारों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। हत्या के बाद मौके से फरार हो गए। मामला जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्किल नंबर एक इलाके के पिपरपांती गांव का है।
बमबम सिंह की हत्या की खबर सुनते ही घर पर कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गुंजन कुमारी ने बताया कि घर परिवार के लोगों ने हत्या कार्रवाई है। मृतक की पत्नी और परिजनों ने बताया कि गांव के ही बबलू सिंह के यहां कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। बमबम सिंह को भी बुलाकर ले जाया गया था। जहां बंद कमरे में उन्हें 8 गोली मारी गई।
आसपास के लोगों ने बताया कि बंद कमरे में 8 राउंड गोली फायरिंग की गई। पसराहा के थानाध्यक्ष अमलेश कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया जाने लगा। लेकिन कुछ देर बाद ही बमबम सिंह की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस शव को कब्जे लेकर पसराहा थाना ले गई। इधर इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
2 वर्ष पूर्व पिता की भी कर दी गई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक मृतक वार्ड सदस्य बमबम सिंह के पिता कालीचरण सिंह की भी करीब दो वर्ष पूर्व अपराधियों ने मछली पालन को लेकर हुए विवाद में ही अगवा कर हत्या कर दी थी। तब अपराधियों ने कालीचरण सिंह की गोली मारकर हत्या कर शव को गायब कर दिया था। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने हत्या के चौथे दिन कालीचरण सिंह का सिर कोसी नदी से बरामद किया था। पिता की मौत के बाद बमबम सिंह ही जलकर का काम देखते थे।
सुनियोजित तरीके से की गई हत्या
मृतक की मां और आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिका सरिता देवी ने बताया कि गोतिया परिवार के ही कंपनी सिंह हमलोगों का विरोधी है। जिसने सुनियोजित तरीके से मेरे पुत्र को बबलू सिंह के घर पर ले जाकर अपराधियों से हत्या करवा दिया। मृतक की मां के मुताबिक गांव के दीपन नाम के एक फरार अपराधी ने कुछ लोगों से मिलकर मेरे पुत्र की हत्या कर दी है। बताते चलें कि जिस कमरे में हत्या हुई वहां खाने- पीने की सामग्री और फर्श पर खून पसरा हुआ है।



Leave a Reply