Breaking News

नशाखुरानी का ट्रेंड बदला:ई-रिक्शा लूट कर चालक को नाले में फेंका चार दिनों में ई-रिक्शा लूटने की तीसरी घटना

नशाखुरानी गिरोह ने अब ट्रेंड बदल लिया है। अब यात्रियों को कम, ऑटो और ई-रिक्शा सवार को अपना शिकार ज्यादा बना रहे हैं। पिछले तीन महीने के दौरान हुई नशाखुरानी की घटनाएं यही बता रही हैं। बुधवार को भी एक ई-रिक्शा चालक काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार रोड स्थित जेनिथ पेट्रोल पंप के समीप नाले में बेहोशी की हालत में सुबह में मिला। नशाखुरानी गिरोह ने उसका ई-रिक्शा लूट कर बेहोशी का हालत में सड़क किनारे फेंक दिया था। पिछले चार दिनों में यह तीसरी घटना है।

तीनों चालक अलग-अलग जगह इलाके में सड़क किनारे से बेहोशी की हालत में मिले। जिसमें काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामदयालु निवासी विजय कुमार साह, तुर्की ओपी क्षेत्र के बड़ा सुमेरा निवासी साहेब बाबू और कुढ़नी थाना क्षेत्र के बंगरा बंशीधर गांव निवासी सुरेश पासवान शामिल है। सदर अस्पताल में तीनों को इलाज चल रहा है। इसमें एक चालक अब भी बेहोश है। जबकि, दो चालकों ने होश में आने पर अपनी आपबीती बताई। लूट के शिकार हुए ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि पहले ये बदमाश ई-रिक्शा रिजर्व करते हैं।

इसके बाद रास्ते में किसी दुकान पर कोल्ड ड्रिंक्स और चाय पीने के नाम पर रुकवाते हैं। इसी दौरान बातों-बातों में अपनापन दिखा कर नशीला पदार्श मिला कर चाय या कोल्ड ड्रिंक्स पिला देते हैं। जब बेहोशी छाने लगती है तो सुनसान जगह देख कर चालक को सड़क किनारे फेंक देते हैं और ई-रिक्शा लूट कर फरार हो जाते हैं। पीड़ित चालकों का कहना है कि मामले में जब संबंधित थाने में लूटपाट की शिकायत करते हैं तो पुलिस कर्मियों द्वारा नियम-कानून समझाकर लूटपाट की जगह चोरी का सनहा दर्ज कराया जाता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.