Breaking News

8 अप्रैल को होगी बीएड की एंट्रेंस परीक्षा:एक माह में 1.85 लाख स्टूडेंट्स ने किए आवेदन, महिलाएं आगे

दाे वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री 2023 के लिए रिकॉर्ड आवेदन हुआ है। बीएड कर शिक्षक बनने की चाहत रखने वाले 1.85 लाख छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इनमें महिलाएं पुरुषाें से आगे निकल गई हैं। 96673 महिला और 84560 पुरुषाें ने आवेदन किया है। छात्र 30 मार्च काे वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलाेड कर सकेंगे। राज्य नाेडल पदाधिकारी प्राे. अशाेक कुमार मेहता ने कहा कि महिला अभ्यर्थियों की संख्या अधिक हाेना दर्शाता है कि महिलाओं का इस पाठ्यक्रम के प्रति अधिक रुझान होने लगा है।

शिक्षा शास्त्री के लिए भी 255 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। 20 फरवरी से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी। समय पर सेशन शुरू करने के लिए इस बार आवेदन के लिए विलंब शुल्क के साथ सिर्फ एक माह का समय दिया गया था। बावजूद इसके राज्य भर से 184233 अभ्यर्थियाें के आवेदन आए हैं। शिक्षा शास्त्री अभ्यर्थियों का नामांकन केवल कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में ही होगा।

हर शहर में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग सेंटर

इंट्रेंस टेस्ट के लिए राज्य में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। संबंधित शहर में महिलाओं और पुरुषाें का केंद्र अलग-अलग हाेगा। पटना का परीक्षा केंद्र 53,172 संख्या के साथ अभ्यर्थियों की पहली पसंद हैं। दरभंगा के परीक्षा केंद्रों के लिए 26,269, मुजफ्फरपुर के केंद्रों के लिए 22,141, गया के केंद्रों के लिए 13,795, मधेपुरा के केंद्रों के लिए 13,570, आरा के केंद्रों के लिए 11,683, पूर्णिया के केंद्रों के लिए 10,494, भागलपुर के केंद्रों के लिए 9,775, छपरा के केंद्रों के लिए 8,230, मुंगेर के केंद्रों के लिए 7,762 और हाजीपुर के केंद्रों के लिए 7,117 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

11 बजे से होगी परीक्षा, केंद्राें पर सुबह 9 बजे पहुंचना है

8 अप्रैल काे प्रस्तावित परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक हाेगी। अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र पर सुबह 9 बजे ही पहुंचना अनिवार्य किया गया है। इस दौरान किसी भी प्रकार की जानकारी व सहायता के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 07314629842 और ईमेल आईडी helpdeskcetbed2023@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। आवेदन में किसी भी त्रुटि में सुधार बुधवार तक हाेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.