बुधवार से देश भर में चैत्र नवरात्रि की पूजा शुरू हो गई है। इसी के साथ राजधानी पटना के महावीर मन्दिर में रामनवमी की शुरुआत कलश स्थापन के साथ शुरू हो गयी है। बुधवार की सुबह मंदिर के वयोवृद्ध पुरोहित पंडित जटेश झा ने जनकपुर की परम्परा की 11 सदस्यीय वाचन-मंडली को विधिपूर्वक रामचरितमानस के नवाह पाठ का संकल्प कराया। इस मौके पर पटना जंक्शन स्थित महावीर मन्दिर के नैवेद्यम प्रभारी रामचंद्र शेषाद्री यजमान की भूमिका में रहे।

महावीर मन्दिर की पत्रिका धर्मायण के संपादक पंडित भवनाथ झा और महावीर मन्दिर के अधीक्षक सुन्दर राजन की देखरेख में अनुष्ठान संपन्न हुआ। महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2080 के प्रारंभ पर सभी भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि कलश स्थापन के साथ ही पटना के महावीर मन्दिर में रामनवमी महोत्सव की शुरुआत हो गयी।
30 मार्च को रामनवमी
30 मार्च को रामनवमी है। इस दिन महावीर मंदिर में दिन के समय हवन के साथ अनुष्ठान पूरा होगा। इस दौरान महावीर मन्दिर में प्रतिदिन रामचरितमानस का नवाह पाठ सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसके साथ ही हर साल की तरह रामनवमी पर श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए उनकआई सुरक्षा के भी प्रबंध किए गए हैं। रामनवमी के एक दिन पहले से भक्तों की भीड़ को मन्दिर में सुविधा पूर्वक दर्शन कराने के लिए कई तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिसके लिए पुलिस-प्रशासन और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर तैयारियां की जा रही है। इस बार महावीर मन्दिर में रामनवमी का भव्य आयोजन करने की तैयारी की जा रही है। जिसके लिए जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन एकजुट होकर काम कर रहे हैं।



Leave a Reply