Breaking News

किसान परेशान:छौड़ाही में बेमौसम बारिश से 500 एकड़ गेहूं की फसल के नुकसान का अनुमान

प्रखंड क्षेत्र में शनिवार की देर रात को तेज हवा के साथ बेमौसम बरसात के कारण फसलों एवं आम लीची के मंजरों पर व्यापक प्रभाव हुआ है। रविवार की सुबह जब किसान अपने खेत देखने गए तो फसलों को देखकर हक्के बक्के रह गये। कारण काफी मेहनत के साथ तैयार फसल के गिरने से किसानों पर आफत का पहाड़ गिर पड़ा था। खेतों में मक्का व गेहूं की फसल जमींदोज थी और आम व लीची पेड़ों के नीचे मंजर बिखरे पड़े थे। अनुमानित लगभग 400 से 500 एकड़ गेहूं के फसल के नुकसान का अनुमान है। मालपुर पंचायत के किसान बिपिन कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, सहुरी के किसान संजय कुमार ने बताया कि काफी मेहनत करके गेहूं की फसल लगाई थी जिसकी पैदावार भी अच्छी होने के आसार थे।

करीब 15 दिन बाद फसल तैयार होती और कटनी और दौनी की जाती किंतु प्रकृति की मार ने उनका सबकुछ छीनकर किसानों की कमर तोड़ दिया। यही सदमा परोड़ा, सिहमा, अमारी समेत अन्य किसानों का है। जिनका फसल शनिवार को हुई तेज आंधी और बारिश की भेंट चढ़ गया। जिससे किसानों को चिंता सताने लगी है कि अब लागत भी उनके घर आना मुश्किल है। किसानाें ने बताया कि बैंक व महाजन से कर्ज लेकर खेती की थी। फसल की अच्छी पैदावार की उम्मीद थी लेकिन प्रकृति के प्रकाेप से हमसब हताश व निराश हैं। सरकार से हम मांग करते हैं कि जांच दल भेज कर फसल नुकसान का आंकलन कर मुआवजा दे ताकि बैंक व महाजन का ऋण वापस किया जा सके।

बीएओ पारसनाथ काजी ने बताया कि फसलों के नुकसान के आकलन हेतु पंचायतों में प्रतिनियुक्त कृषिकर्मियों को निर्देशित किया गया है। आकलन के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। ताकि विभागीय स्तर से किसान हित में अगर कुछ मदद मिलेगी तो उन्हें उसका लाभ दिया जा सके।

नारायणपीपर में सड़क पर जमा बरसात का पानी।

नारायणपीपर में सड़क पर जमा बरसात का पानी।

पंचायतों में जगह-जगह जलजमाव परेशानी का सबब
दूसरी तरफ बेमौसम बारिश से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। दौलतपुर मालीपुर मुख्य पथ में बरदाहा विजय कृष्ण महतो के घर के सामने, शिव मंदिर छौड़ाही, बरदाहा विद्यापति चौक से धन्नूटोल, सावंत पंचायत भवन, साहन टोल, नारायणपीपर गांव के वार्ड 18 के अंतर्गत मुख्य पथ के समीप सहित अन्य पंचायतों में जगह-जगह जलजमाव परेशानी का सबब बन गया है। जहां बारिश की वजह से रास्तों पर जलजमाव व कीचड़नुमा हालात बना हुआ है।

यहां पथ से गुजरने वाले राहगीरों के अलावा वाहन चालकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा हाल बरसात नहीं बल्कि बे मौसम बरसात में भी देखा जा सकता है। यहां तक हल्की बारिश में भी इन जगहों पर सप्ताह सप्ताहभर पानी जमा रहता है लेकिन इस गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी आगे नहीं आ रहे हैं। इधर फसलों के नुकसान व सड़कों पर जलजमाव की स्थिति से किसान तो किसान आमलोग भी हलकान हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.