गया के अतरी थाना अंतर्गत खीरी गांव में दो बच्चियों की मौत के मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पीड़ित परिवार को भरोसा नहीं है। सामने आए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुएं में गिरने से हुई मौत बताया गया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि यह मौत कुएं में गिरने से नहीं, बल्कि हत्या की गई है।
दोनों बच्चियों की हत्या कर शव को कुएं में डाला गया है। पीड़ित परिवार फिर से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग कर रहा है।

जानकारी हो कि बीते सप्ताह खीरी गांव के एक कुएं से दो बच्चियों का शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई थी। मृत बच्चियों की पहचान रोशनी कुमारी और सोहानी कुमारी के रूप में हुई थी। अब पुलिसिया जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को पीड़ित परिवार के लोग मिलीभगत कर गलत तैयार की गई रिपोर्ट बता रहे हैं और फिर से वरीय अधिकारियों से जांच कराने की मांग हो रही है।

इस संबंध में मृतका रोशनी कुमारी की मां शीला देवी ने बताया कि जिस दिन से दोनों बच्चियां गायब थी। उस दिन से पूरे पंचायत का एक-एक कोना छान मारा गया, जिस कुएं में लाश मिली, उस कुएं में भी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका था। वह बताती है कि जिस अहले सुबह में कुंए से दोनों बच्चियों की लाश मिली, उससे 1 दिन पूर्व गांव में चर्चा की जा रही थी कि बच्चियों की खोजबीन स्क्वायड डॉग की मदद से की जाए।

इस बातचीत के बाद संभवत हत्या कर लाश को कुएं में फेंका गया। पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं होने की बात शीला देवी बताती है। वही सोहानी कुमारी की मां ममता देवी बताती है कि गली में एक युवक ने पैंतरा मारा था कि हल्फा मचा देंगे। उसके बाद बॉडी कुआं में मिला। सुबह में सब कुआं में खोज हुआ था। हमें पूरा शक है कि दोनों को उठाकर मार दिया गया है। टीम गठित कर जांच कर इंसाफ दिलाया जाए।
ग्रामीण विसरा की जांच कराने की मांग कर रहे हैं। बेसरा को प्रयोगशाला में भेजकर घटना के कारणों के सही तथ्यों का पता लगाए जाने की मांग की गई है।
इधर गया एसएसपी आशीष भारती ने कहा है कि अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चियों की मौत कुएं में डूबने के कारण हुई बताई गई है। हत्या का कोई मामला जांच में नहीं आया है।



Comment here