Breaking News

नालंदा में नाइट गार्ड को चाकू से गोद की हत्या:विरोध में सड़क जाम, चोरी करने आए बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

नालंदा में बदमाशों ने बीती रात निर्माणाधीन बख्तियारपुर रजौली फोरलेन में कार्यरत नाइट गार्ड को चाकू से गोद निर्मम हत्या कर दी। मामला गिरियक थाना क्षेत्र के घोराही गांव के पास की है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के मरकट्टा गांव निवासी गनौरी सिंह का 40 वर्षीय पुत्र सनोज सिंह के रूप में की गई है।

सनोज सिंह नाइट गार्ड के रूप में निर्माणाधीन बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन में कार्यरत थे। उनकी ड्यूटी घोराही गांव के पास लगी हुई थी। सुबह ग्रामीणों की नजर जख्मी हालत में नाइट गार्ड पर पड़ी। इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

इधर, जैसे ही हत्या की सूचना घरवालों को मिली ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद आक्रोशितों ने संबंधित एजेंसी से मुआवजे एवं पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों छोर पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब 4 घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही।

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि चोरी करने आए बदमाशों की भिड़ंत ड्यूटी में तैनात गार्ड से हो गई। इसके बाद बदमाशों ने तेज धारदार हथियार से शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर 6 बार चाकू घोंप कर जख्मी कर दिया। अधेड़ को मरा समझ छोड़, बदमाश फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि एक नाइट गार्ड के भरोसे संबंधित एजेंसी ने सामान की रखवाली के लिए छोड़ दिया था। यही कारण है कि बदमाश चोरी करने आए और वह इसमें सफल नहीं हुए तो उन लोगों ने सनोज सिंह की हत्या कर दी। हत्या और सड़क जाम की सूचना पर राजगीर डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि संदिग्ध अवस्था में अधेड़ का शव बरामद किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। चोरी हुई है या नहीं हुई है इस मामले की भी जांच की जा रही है। सम्बंधित एजेंसी वालों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.