Breaking News

BJP पर RJD का ‘पोस्टर वार’:गैस के दाम में हुई बढ़ोतरी का किया विरोध

बिहार विधान मंडल का बजट सत्र चल रहा। मुख्य विपक्षी पार्टी जहां सदन में बिहार सरकार को लॉ एंड ऑर्डर पर घेर रही । वहीं जेडीयू और आरजेडी महंगाई के सवाल पर केन्द्र सरकार या बीजेपी को घेर रही। अब RJD ने विधान सभा परिसर के बाहर सप्तमूर्ति के सामने की तरफ एक पोस्टर लगाया है। पोस्टर घरेलू गैस सिलेंडर में की गई बढ़ोतरी के विरोध में है। पोस्टर में मोदी सरकार की आलोचना की गई है। पोस्टर का शीर्षक है- ‘मोदी जी का अमृतकाल’। यह शीर्षक व्यंग्य से भरा हुआ है।

होली में भी महंगाई से राहत नहीं

पोस्टर में लाल रंग के गैस सिलेंडर के चेहरे की चमक देखने लायक है। चेहरे पर खूबसूरत मुस्कान है। खुशी का ठिकाना नहीं है। लेकिन सिलेंडर के सामने आम महिला की हालत महंगाई से बदहाल दिखायी गई है। महिला कहती हुई दिख रही है- ‘कब तक झेलेंगे कमरतोड़ महंगाई की मार, हर चीज हो गई है खरीदने की क्षमता के पार, बर्बाद हो गई होली और सारे तीज त्योहार, अब और नहीं चाहिए मोदी सरकार।’

बता दें 2024 में लोकसभा का चुनाव होने वाला है और इसको लेकर भाजपा विरोधी तमाम विपक्षी पार्टियां एकजुट हो रही हैं। पूर्णिया में हुई महागठबंधन की महारैली और पटना में हुए माले के आयोजन में यह एकजुटता दिखी। मोदी जी के अमृतकाल वाले इस पोस्टर में नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, सोनिया गांधी, राबड़ी देवी नेताओं की तस्वीर दिख रही है। लेफ्ट के किसी नेता का फोटो इस पर नहीं है।

पोस्टर लगाने वाले हैं राष्ट्रीय जनता दल व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रेम कुमार यादव। प्रेम कहते हैं कि ‘गैस की महंगाई से गरीब इस बार होली में पूआ नहीं खा पाएंगे। केन्द्र सरकार मालपूए खाने में लगी है और होली को भी महंगाई से राहत रही है। हाहाकार की स्थिति है गरीबों के बीच।’

इस तरह से बढ़ी है कूकिंग गैस की कीमत

जानकारी है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर और कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 1 मार्च से बड़ी वृद्धि की गई है। 8 महीने के बाद घरेलू सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है जबकि कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 350 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

6 जुलाई 2022 के बाद से ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर थे लेकिन होली के ठीक पहले यह मांग कई खटकने वाली है। कॉमर्शियल गैस की कीमत में इतनी अधिक बढ़ोतरी का असर मिठाइयों आदि पर काफी पड़ने वाला है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.