देश में सोना तस्करी के मामले में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई की है। पहले पटना, फिर यहां से मिले इनपुट पर महाराष्ट्र के दो शहरों पुणे और मुंबई में छापेमारी की। तस्करी कर लाए गए कुल 101.7 किलो सोना बरामद किया है। इसकी कुल कीमत 51 करोड़ रुपए के करीब है। इसमें से पटना में 21 करोड़ रुपए का सोना जब्त हुआ है।
DRI के एक अफसर ने मंगलवार को अपने ऑपरेशन गोल्डन डॉन-पैन इंडिया का खुलासा किया। तीन शहरों में चले इस खास ऑपरेशन के तहत DRI की टीम ने सोना तस्करी में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 7 सूडान के नागरिक हैं। तीन आरोपी मुंबई के हैं। अब DRI की टीम इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। बरामद सोने की खेप दुबई की है।

सूडान के तस्करों से पकड़े गए सोने में जेवरात भी मिले हैं।
सोने की तस्करी नेपाल के रास्ते हुई थी। फिर पटना से ट्रेन और फ्लाइट के जरिए उसे मुंबई पहुंचाया जा रहा था। दो खेप मुंबई के लिए भेज चुके थे। पटना से तीसरी खेप भेजने की तैयारी थी।

40 पैकेटों में इस तरह बरामद हुआ 37.126 किलोग्राम वजन के सोने का पेस्ट।
पटना में मिली सबसे बड़ी खेप
DRI की टीम के पास खास इनपुट थी। सबसे पहली कार्रवाई 19 फरवरी की रात पटना में हुई। सूडान के रहने वाले दो नागरिकों के साथ मुंबई के एक हैंडलर को पटना जंक्शन से पकड़ा। ये तीनों पटना से मुंबई के लोकमान्य तिलक जाने वाली ट्रेन में बैठ चुके थे। ट्रेन से टीम ने तीनों को पकड़ लिया। सूडानी नागरिकों के पास से 40 पैकेटों में 37.126 किलोग्राम वजन सोने का पेस्ट बरामद हुआ।
इसे इन्होंने स्लीवलेस जैकेट में विशेष रूप से बनाई गई पैकेट में छिपाकर रखा था। तीसरा व्यक्ति नेपाल बॉर्डर से लेकर भारतीय सीमा में तस्करी की गतिविधि को को-ऑर्डिनेट करता था। वह बड़ा हैंडलर है। साथ ही तस्करी कर सोना लेकर आनेवालों को उन्हें ठिकाने तक पहुंचाने के लिए उनके ट्रैवलिंग का इंतजाम करता है। पटना में बरामद सोने के इस खेप की कीमत 21 करोड़ से अधिक की है।

इसी जैकेट में छिपाकर ले जाया जा रहा था सोना।
पुणे में बस से तो मुंबई में स्टेशन से हुई गिरफ्तारी
पटना से पकड़े गए तीनों सोना तस्करों से DRI के अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की। इसके बाद इनसे महत्वपूर्ण इनपुट मिले। उसी आधार पर दूसरी टीम ने पुणे में छापेमारी की। पुणे से मुंबई जा रही एक बस को रोका गया। उसमें सवार सूडान की रहने वाली दो महिलाओं को पकड़ा गया। इनके बैग से तस्करी का 5.615 किलो सोना बरामद हुआ।
इन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई में रेलवे स्टेशन पर सूडान के ही दो नागरिकों को पकड़ा गया। इन दोनों के पास से 40 पैकेटों में 38.76 किलो सोना बरामद हुआ। ये दोनों पटना से ही ट्रेन के जरिए मुंबई पहुंचे थे। पुणे और मुंबई की कार्रवाई 20 फरवरी को हुई थी।
छापेमारी में मिली देसी-विदेशी करेंसी
मंगलवार को DRI ने अपना आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि तस्करों के पकड़े जाने के बाद मुंबई में उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। आरोपियों के पास से 74 लाख रुपए विदेशी करेंसी और 63 लाख रुपए की भारतीय करेंसी बरामद हुई। इसके अलावा इनके ठिकाने से तस्करी का 20.2 किलो सोना भी बरामद हुआ।
अब DRI इनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। गिरफ्तार सूडानी नागरिकों और देश में इनके पकड़े गए मददगारों के नाम का खुलासा फिलहाल नहीं किया है।
Leave a Reply