Breaking News

मुजफ्फरपुर में जावेद से 3 टाइम बम मिले:यूपी के 2 लड़के भी गि’रफ्तार, भीड़ में वि’स्फोट की थी साजिश; एटीएस की जांच शुरू

मुजफ्फरपुर शहर की तवायफ मंडी स्थित तीनकोठिया इलाके से ड्रग्स सप्लायर जावेद उर्फ सिन्हु के घर से पुलिस ने स्मैक के साथ तीन टाइम बम बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में फेरी लगाने वाले जावेद को गिरफ्तार किया है, जबकि यूपी के दाे लड़कों काे हिरासत में लिया गया है। जावेद की मोबाइल से कश्मीर के अलग-अलग जगहों की फोटो मिली है। आतंकी गतिविधि की आशंका पर एटीएस की टीम ने मुजफ्फरपुर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।

बरामद टाइम बम में सर्किट लगा हुआ है। टाइमिंग सेट कर भीड़-भाड़ वाले इलाके में उसको ब्लास्ट किया जा सकता था। टाइम बम काे तत्काल डिफ्यूज कर दिया गया है।

पुलिस जावेद के भाई जैकी की तलाश कर रही है। वह बड़ा ड्रग सप्लायर बताया जाता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम काे भी यह जानकारी पहले से नहीं थी कि फेरी लगाने वाला जावेद किसी बड़े संगठन से जुड़ा हुआ है। पुलिस काे यह भनक जरूर थी कि वह ड्रग्स के धंधे से जुड़ा हुआ है। जांच में जावेद के घर से स्मैक तैयार किया जाने वाला ठास पदार्थ, मादक पदार्थ, पांच खाली कारतूस, टाइमरयुक्त इलेक्ट्रॉनिक सर्किट से लैस बम की बरामदगी हुई है।

प्रारंभिक जांच में आतंकी साजिश की आशंका

बम निरोधक दस्ता के साथ फॉरेंसिक टीम की प्रारंभिक जांच में आतंकी गतिविधि से तार जुड़ने की आशंका काे देखते हुए एटीएस काे सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि बरामद बम की मारक क्षमता कम है। इससे भीड़-भाड़ वाले इलाके में विस्फोट करके भगदड़ मचाई जा सकती थी। जावेद मुंह खोलने से परहेज कर रहा है। जावेद के अलावा यूपी के दाे लाेगाें के मोबाइल कॉल डिटेल व टावर लोकेशन की जांच की जा रही है।
झोले में रखा हुआ था बम

इस मामले पर एसएसपी राकेश कुमार ने बताया की स्मैक का इनपुट मिला था। सूचना के आधार पर टीम तिनकोठीया मोहल्ले में छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान 600 ग्राम तैयार किए जाने वाला स्मैक और 100 ग्राम स्मैक का पुड़िया मिला। फायर किया हुआ 5 खोखा भी मिला। टीम ने जब और भी जगह की तलाशी ली तो एक झोले में बम मिला। झोले में बम रखकर उसे बांधकर रख दिया गया था।

उसे खोला तो बम निकला। वह टाइमरयुक्त इलेक्ट्रोनिक सर्किट से लैस 3 बम थे। दो पर डिजिटल वॉच और एक पर एनालॉग वॉच लगा था। 4 मोबाइल भी जब्त किया गया है।

यूपी से जुड़ रहा कनेक्शन

बम का कनेक्शन यूपी से भी जुड़ रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है। जानकारी के अनुसार, एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश भी पहुंच चुकी है। वहां अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है। इसके अलावा बिहार के भी कई जिलों में छापेमारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री के सभा स्थल के आसपास का सीसी कैमरा खंगाल रही पुलिस

14 फरवरी काे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर सदर पुलिस ने एहतियातन शनिवार की रात शेरपुर इलाके में पहुंच कर सीसी कैमरा काे खंगाला। हालांकि सीसी कैमरा में जावेद काे नहीं देखा जा सका। मोबाइल टावर लोकेशन की भी जांच हाे रही है। गौरतलब है कि पूर्वी चंपारण के मेहसी-चकिया में पीएफआई मेंबर की गिरफ्तारी के बाद मुजफ्फरपुर के बरूराज में भी एनआईए ने पिछले दिनाें छापेमारी की थी। एनआईए के बाद पीएफआई मामले की भी एटीएस ने दाे दिनाें से मुजफ्फरपुर में जांच शुरू कर दी है।

एटीएस को बुलाया

मुजफ्फरपुर एसएसपी राकेश कुमार ने बताया कि ड्रग्स की बरामदगी के साथ तीन टाइम बम भी मिला है। टाइम बम में सर्किट लगा हुआ है। बहुत कम समय में टाइम बम काे एक्टिव किया जा सकता है। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है। जावेद के साथ दाे अन्य लाेगाें काे हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता काे देखते हुए एटीएस काे भी जांच के लिए बुलाया गया है। पूरी जांच हाेने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हाेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.