आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट कराकर दिल्ली लौट आए हैं। शनिवार को देर शाम वे सिंगापुर से दिल्ली पहुंचे। 76 दिनों के बाद वे दिल्ली लौटे हैं। लालू प्रसाद अपनी बेटी राज्य सभा सदस्य मीसा भारती के दिल्ली स्थित सरकारी आवास में रह रहे हैं। अभी उनके बिहार आने की संभावना नहीं है।
डॉक्टरों ने उन्हें प्रदूषण, धूल और एलर्जी से बचकर रहने की सलाह दी है। किसी सर्दी, खांसी वाले मरीज के दूर रहने को कहा है। वे सिंगापुर के डॉक्टरों के साथ ही एम्स के डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।

सिगांपुर से बेटी रोहिणी आचार्या ने पिता को दी थी विदाई।
बिहार में जेडीयू के अंदर चल रहे उथल-पुथल है। तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने में हो रही देरी पर लालू प्रसाद कौन सी रणनीतिक चालें चलते हैं, इसका इंतजार सबसे अधिक आरजेडी कार्यकर्ताओं को है।
बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। कई आयोग आदि में पद रिक्त पड़े हैं। महागठबंधन के अंदर इस सब पर फैसला होना है। पूर्णिया में महागठबंधन की बड़ी रैली 25 फरवरी को होनी है। दूसरी तरफ भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह पश्चिम चंपारण के दौरे पर आने वाले हैं। इस सब के बीच कांग्रेस ने भी अपने संगठन को मजबूत करने के लिए ताकत झोंक रखी है। पूर्व मंत्री और राज्य सभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह को दिसंबर में कांग्रेस ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे काफी एक्टिव भी हैं।
माले की बड़ी रैली गांधी मैदान में 15 फरवरी को होनी है। 18 को माले महाधिवेशन में भाजपा विरोधी कई बड़े नेताओं जैसे नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन आदि का जुटान होना है। इस सब के बीच लालू प्रसाद बिहार में नहीं होंगे, लेकिन स्वस्थ होने और दिल्ली लौट आने का असर इन तमाम कार्यक्रमों पर पड़ना तय है। वे महागठबंधन की रैली को वीडियो कांफ्रेंसिंग से संबोधित भी करेंगे। तेजस्वी यादव ने शनिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की है। लालू प्रसाद चाहते हैं कि झारखंड सहित नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में आरजेडी को मजबूती मिले। नागालैंड में आरजेडी ने पांच नेताओं को विधान सभा चुनाव में उतारा है।
जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू प्रसाद पर मुकदमा चलाने की अनुमति दी जा चुकी है
राजनीति में माना जा रहा है कि लालू प्रसाद पर भाजपा की नजर भी खूब है। उनके खिलाफ जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति गृह मंत्रालय ने एक माह पहले दी है। इस मामले में सीबीआई लालू यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती सहित 16 आरोपियों के खिलाफ पिछले साल अक्टूबर में चार्जशीट दाखिल हुआ था। लेकिन घोटाले के समय केंद्रीय रेल मंत्री होने की वजह से मुकदमा चलाने के लिए गृह मंत्रालय की मंजूरी की जरूरत थी।
गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली के राउज एवेन्य स्थित विशेष कोर्ट में इसे जमा भी किया जा चुका है। कोर्ट मुकदमा चलाने की अनुमति भी दे चुका है। आरोप है कि लालू यादव साल 2004 से साल 2009 के बीच रेलमंत्री थे। उस दौरान दौरान उन पर आरोप लगा है कि नौकरी लगवाने के बदले में जमीन और प्लॉट लिए। सीबीआई ने कुल 16 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की थी। बता दें कि चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद को सजा हो चुकी है और वे जमानत पर हैं। अनुमति के बाद ही किडनी ट्रांसप्लांट के लिए वे सिंगापुर गए थे।
दुआ रंग लेकर आती है
5 दिसंबर 2022 को उनका किडनी ट्रांसप्लांट सिंगापुर स्थित विश्व स्तरीय किडनी सेंटर माउंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल में किया गया था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उन्हें एक किडनी डोनेट किया है। ऑपरेशन के बाद दोनों स्वस्थ हैं। रोहिणी आचार्या सिंगापुर में ही पति के साथ सेटल हैं।
लालू प्रसाद को अपनी किडनी देकर नया जीवन देने वाली बेटी रोहिणी आचार्या ने सिंगापुर से दिल्ली के लिए लालू प्रसाद को विदा करते समय ट्वीट किया-
दुआ का रंग नहीं होता
मगर ये रंग ले आती है
मन का विश्वास न टूटे हमारा
यही आस है आप लोगों से हमारा।



Leave a Reply