Breaking News

भारत जोड़ो यात्रा पटना में, नसीहत का दिखा असर:गुरुद्वारा में माथा टेकेंगे, बड़ी पटनदेवी के दर्शन और मजारशरीफ पर चादरपोशी करेंगे कांग्रेसी

बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। इस क्रम में यात्रा शुक्रवार को पटना के धुनकी मोड़ से सुबह 9 बजे शुरू हुई। यह यात्रा अगमकुंआ पुल, गुलजारबाग चौराहा, नवाब बहादुर रोड, नून का चौराहा, कन्या मंदिर, चौक शिकारपुर मोड़, पटना साहिब स्टेशन, मोर्चा रोड के समीप धबलपुरा चौकी, पूरब दरवाजा रोड मारुफगंज होते हुए आगे बढ़ रही है। यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, सुबोधकांत सहाय आदि कई वरिष्ठ नेताओं के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।/

गुरुद्वारा में माथा टेकेंगे, बड़ी पटनदेवी के दर्शन करेंगे और मजारशरीफ पर चादरपोशी करेंगे नेता- कार्यकर्ता

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद माधव ने भास्कर को बताया कि आगे यह यात्रा सिटी चौक होते हुए खाजेकला, गुरहट्टा, बॉली रोड, पश्चिम दरवाजा, सिटी जेल, गायघाट, आलमगंज, त्रिपोलिया, पत्थर की मस्जिद, दरगाह रोड, शाहगंज, मुसल्लहपुर हाट, साईं मंदिर होते हुए अपराह्न 4 बजे मसल्लहपुर हाट पर पहुंचने वाली है। यहां पटना महानगर कांग्रेस की ओर से भव्य स्वागत समारोह का आयोजन रखा गया है। गायघाट में कांग्रेस के नेता बड़ी पटनदेवी के दर्शन करेंगे। साथ ही दरगाह रोड में कांग्रेस के नेता मजारशरीफ पर चारदपोशी करेंगे। यात्रा के क्रम में गुरुद्वारा पटना साहिब जाएंगे कांग्रेस के नेता। गुरुद्वारा में मत्था टेंकेंगे और लंगर में शामिल होंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने नसीहत दी थी
मुसल्लहपुर हाट के बाद यात्रा खजांची रोड, पटना कॉलेजियट स्कूल, हथुआ मार्केट, ठाकुरबाड़ी, बाकरगंज, ट्रैफिक भवन, एग्जीबिशन रोड, जेपी गोलंबर होते हुए गांधी मैदान में गांधी मूर्ति तक पहुंचेगी। कांग्रेस की पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग दिख रहे हैं। बिहार में जहां-जहां कांग्रेस की यात्रा चली वहां मुसलमान बड़ी संख्या में दिखे। देश का झंडा तिरंगा के साथ-साथ कांग्रेस का हाथ छाप वाला झंडा भी पदयात्रा में दिखता रहा। पटना की यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी दिख रही हैं। बता दें दो सप्ताह पहले कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा था कि यात्रा के लिए 200 यात्रियों की लिस्ट बनी पर दुखद यह कि 20-25 ही चले। बाकी 175 कहीं गायब हो गए। तीसरे चरण में हमें मजबूत साथी चाहिए। नाम लिखाने के लिए और फोटो खिंचाने के लिए जरूरी नहीं कि यात्रा में आएं। अखिलेश सिंह ने कई ऐसे कार्यकर्ताओं का नाम भी लिया था जो यात्रा में लगातार साथ रहे। अखिलेश प्रसाद सिंह की नसीहत के बाद कांग्रेस की यात्रा में बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.