Turkey-Syria Earthquake: तुर्की और सीरिया (Turkeh-Syria Earthquake) में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप और उसके बाद के झटकों के कारण अब तक 5000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. दुनिया भर के देशों ने बचाव प्रयासों में सहायता के लिए दलों को भेजा है. तुर्की की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा कि आपात सेवाओं के 24,400 से अधिक कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. अधिकारियों को आशंका है कि सोमवार भोर से पहले आए भूकंप और बाद के झटकों से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि बचावकर्मी मंगलवार को भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे रहे.
इस बीच, दक्षिण-पूर्व तुर्की में भूकंप से प्रभावित एक शहर में बंदरगाह के एक हिस्से में भीषण आग लग गई. टेलीविजन पर प्रसारित तस्वीरों में इस्कांद्रेयन बंदरगाह पर जलते हुए कंटेनर से काला धुआं उठता नजर आ रहा है. तुर्की तटरक्षक पोत आग बुझाने के प्रयासों में मदद कर रहा है. बचावकर्मी बड़ी सावधानी से कंक्रीट के पत्थर और लोहे की छड़ों को हटा रहे हैं, ताकि मलबे में यदि कोई भी जीवित बचा हो तो उसे सुरक्षित निकाला जा सके. कई लोग अपने प्रियजनों की तलाश में क्षतिग्रस्त इमारतों के पास एकत्रित हो रहे हैं.
लोगों ने शॉपिंग मॉल और स्टेडियम में ली शरण
आपदा में फंसे पीड़ितों का बुरा हाल हो रहा है. नर्गुल अताय ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि वह हाते प्रांत की राजधानी अंताक्या शहर में एक ढह गई इमारत के मलबे के नीचे अपनी मां की आवाज सुन सकती थी, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की. उन्होंने कहा, ‘‘ कंक्रीट की स्लैब हटाकर हम उन तक पहुंच सकते थे. मेरी मां 70 साल की है वह ज्यादा समय तक यह सब नहीं झेल पाएगी.’’



Leave a Reply