पटना चिड़ियाघर के बाघ विक्रम के स्वास्थ्य में सुधार हाे रहा है। लेकिन, अभी अस्पताल के अंदर बने केज में ही उसे रखा जाएगा। प्लेटलेट्स नॉर्मल होने के बाद उसे हल्का भोजन दिया गया। शनिवार की दोपहर गर्म चिकेन शूप दिया गया। इसके बाद चिकेन भी खाया। सुबह, दोपहर, शाम और रात को प्लेटलेट्स की जांच की जा रही है। बाघ मगध की मौत के बाद विभाग की तरफ से विक्रम के बेहतर इलाज के लिए जू प्रशासन पर दबाव था। विभाग के अधिकारी हर घंटे उसके स्वास्थ्य का अपडेट ले रहे थे। डॉक्टरों का कहना है कि बाघ खतरे से बाहर है। प्रोटोजोआ इन्फेक्शन से काेई भी अंग प्रभावित नहीं हुआ है। तीन दिन के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।null

13 तक मैसूर से आयेंगे जेब्रा, गौर, काला हंस, जंगली कुत्ता
विजिटर्स जल्द ही पटना जू में काले हंस और जंगली कुत्ते का दीदार करेंगे। मैसूर से जेब्रा, गौर, काला हंस, जंगली कुत्ता सहित नौ जानवरों काे लाया जा रहा है। उसके बाद सभी केजों में जानवरों की चहल-पहल दिखेगी। अभी जानवरों की संख्या कम होने के कारण केज खाली-खाली हैं। 13 फरवरी तक सभी जानवर पटना पहुंचेंगे।
मैसूर में इन जानवरों को पकड़ने के लिए जाल डाला गया है। जाल में आने के बाद चार-पांच दिन तक जाल में ही रखा जाएगा। इसके बाद ट्रक या अन्य बड़े वाहन से पटना पहुंचेगा। पशु विनिमय कार्यक्रम के अनुसार, पटना चिड़ियाघर को एक मादा जिराफ के बदले में मैसूर चिड़ियाघर से 3 बाइसन, दो ग्रांट जेब्रा, 2 ढोले (सोनकुत्ता) और 2 काले हंस मिले हैं। पटना चिड़ियाघर में वर्तमान में केवल एक मादा जेब्रा है। जोड़ी को पूरा करने के लिए एक नर जेब्रा की आवश्यकता है। उनके लिए बनाए गए विशेष बाड़ों में उन्हें रखा जाएगा, जहां वे प्रजनन कर सकेंगे।

इसी तरह दो मादा और एक नर बाइसन मिल रहा है, जबकि जंगली कुत्ते की एक जोड़ी मिल रही है। काले हंसों की एक जोड़ी भी मिलेगी। करीब 153 एकड़ फैले जू में जंगली जानवरों की 110 प्रजातियां हैं, जिनमें से 55 लुप्तप्राय श्रेणी में हैं।,
7 दिन बाद मां संगीता बाघिन से करेगा मुलाकात।
मगध की मौत और विक्रम की तबीयत खराब हाेने के बाद संगीता बाघिन और उसके अन्य दोनों शावक की चहल-पहल बंद हो गई है। बाघिन और उसके शावकों को अलग-अलग रखा गया है। जानकारों की मानें तो सात दिन बाद विक्रम अपनी मां संगीता से मुलाकात करेगा। बाघिन और दोनों शावक बिल्कुल स्वस्थ हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि विक्रम के स्वास्थ्य में सुधार है। वह डॉक्टरों की निगरानी में है। सीसीटीवी से 24 घंटे उसकी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।



Leave a Reply