पटना में एक पीकअप वैन से शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। वैन पर करीब 850 लीटर से भी अधिक विदेशी शराब लोड थी। इसी छीपाने के लिए शराब की कार्टन को जूट के बोरा से कवर कर दिया गया था। पर इसके बाद भी माफियाओं की चालाकी पुलिस के सामने फेल हो गई।
तस्करों का यह माल पकड़ा गया। जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है। पीकअप वैन से शराब की खेप को पकड़े जाने का यह मामला पटना में दीघा थाना का है। जिसे पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अटलपथ से पकड़ा।
बिदुपुर ले जाया जा रहा था
दरअसल, विदेशी शराब के इस खेप को पटना के रास्ते वैशाली के बिदुपुर ले जाया जा रहा था। पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थानेदार राजकुमार पांडेय की टीम ने कार्रवाई की। अटलपथ पर दीघा के पास पिकअप वैन को पकड़ा गया। शराब को जब्त किया गया। ड्राइवर को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। उससे सख्ती के साथ लंबी पूछताछ की गई। मगर, उसने पुलिस के सामने अपना मुंह नहीं खोला।
पुलिस के किसी भी सवाल का उसने सही जवाब नहीं दिया। यहां तक कि इसकी जानकारी भी नहीं दी की, शराब की खेप उसे किसने दी और वैशाली में उसे रिसीव कौन करने वाला था? लेकिन, थानेदार की मानें तो ड्राइवर के मोबाइल को उन्होंने जब्त किया है। उसमें जिन नंबरों पर बात की, उसे खंगाला जा रहा है। लास्ट टाइम में जिन लोगों से बात की गई है, उन नंबरों को FIR में शामिल कया गया है। इसी आधार पर जांच आगे बढ़ेगी।



Leave a Reply