Breaking News

बेतरतीब निर्माण: मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी में सड़क के दिल पर चल रही जेसीबी, मेंटेनेंस में भी लापरवाही

स्मार्ट सिटी में बेतरतीब निर्माण की वजह से लाेगाें की परेशानी बढ़ती जा रही है। नाला निर्माण की वजह से छाेटी सरैयागंज मेन राेड पर नाला का पानी बह रहा है। इसी तरह की स्थिति अखाड़ाघाट इलाके में भी बनी हुई है। सीवरेज पाइप बिछाने के लिए 1 कराेड़ 87 लाख की लागत से हाल में बनी नई सड़क काे बीचाे-बीच इस तरह से ताेड़ा गया है कि सड़क का मेंटेनेंस करना मुश्किल हाेगा।

सिकंदरपुर सुधा डेयरी से काली मंदिर हाेते हुए शिव मंदिर राधा देवी बालिका हाईस्कूल से बीकानेर एवं जयपुर बैंक तक 1 कराेड़ 87 लाख की लागत से सड़क-नाला का निर्माण कार्य पिछले साल ही पूरा हुआ। सड़क-नाला बनाने का काम लंबे समय तक चलने से लोगों को काफी परेशान झेलनी पड़ी थी। निर्माण पूरा होने के बाद कुछ समय पहले ही इस परेशानी से लाेगाें काे राहत मिली थी। लेकिन, अब स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से सीवरेज पाइप बिछाने के लिए बीचो-बीच से सड़क को ताेड़ा जा रहा है। जिस तरह से सड़क काे ताेड़ा जा रहा है, उसका सिर्फ मेंटेनेंस करके काम नहीं चल सकता। मेंटेनेंस की गई सड़क में गड्ढा बन जा रहा है।

इधर, कंपनीबाग राेड में भी बहुत धीमी गति से काम चल रहा है। इसकी वजह से ट्रैफिक पर अतिरिक्त लाेड पड़ रहा है। कंपनीबाग के बाद जूरन छपरा में 10 दिन पहले गड्ढा करने के बाद काम आगे नहीं बढ़ा। सीवरेज पाइप बिछाने के लिए मेन राेड को जिस तरह से खोदा जा रहा है, उसके बाद काम के स्पीड की माॅनिटरिंग नहीं हाे रही है। जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

इधर, स्टेडियम निर्माण में मानक का ख्याल नहीं रखने का आरोप
स्मार्ट सिटी योजना से बनाए जा रहे नेहरू स्टेडियम को केवल क्रिकेट के लिए ही विकसित किए जाने का आरोप लगने लगा है। इसको लेकर जिले के खेल संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। 21 जनवरी को सभी खेल संगठनों के अधिकारी और खिलाड़ी समेत अन्य लोग नेहरू स्टेडियम में धरना देंगे। जिला प्रशासन को इस संबंध में ज्ञापन भी दिया जाएगा। बावजूद इसके अगर कोई सुधार नहीं होता है तो आंदोलन होगा। मंगलवार को स्टेडियम में सभी खेल संघों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई।

इसमें सदस्यों ने कहा कि स्टेडियम के निर्माण में मानकों का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। निर्माण को देखकर ऐसा लगता है जैसे केवल क्रिकेट के लिए ही इसका निर्माण हो रहा है। बैठक में बास्केटबॉल संघ के सचिव अखिलेश कुमार मणि, चंद्रशेखर कुमार चंदू, करार अहमद, समरेश कुमार, दिलमोहन झा, पारस प्रसाद गुप्ता, विनोद कुमार चौधरी, असगर हुसैन समेत अन्य उपस्थित हुए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.