मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बैरिया गोलंबर के पास जमीनी विवाद में जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान दो पक्ष आपस मे भिड़ गए। दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान करीब 8 से 9 राउंड फायरिंग हुई। इसमें एक युवक को पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए बैरिया स्थित निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी अहियापुर थाने की पुलिस को दी। सूचना पर अहियापुर पुलिस व नगर डीएसपी राघव दयाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच की। मौके से खोखा भी बरामद किया गया है। दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं, फायरिंग करने वालों को चिह्नित करने में पुलिस जुट गई है। मामले मे नगर डीएसपी ने बताया कि जमीन विवाद में फायरिंग की घटना हुई है। एक युवक को गोली लगी है। जांच की जा रही है।
जमीन पर बाउंड्री कराने पर लगाई गई थी रोक
मामले में पुलिस का कहना है की पूर्व से विवाद चल रहा है। खरीदने वाले और बेचने वाले की बीच विवाद है। अहियापुर थाने मे मामला पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने जमीन पर 144 लगा दिया था। इस दौरान बाउंड्री करने व अन्य काम पर फिलहाल रोक है। इसका मामला कांटी सीओ के पास भेजा गया था, जिसकी सुनवाई होनी थी। लेकिन, सुबह में कोहरा का फायदा उठाकर कुछ लोग बाउंड्री करने लगे। इसकी भनक दूसरे पक्ष को लग गई। इसके बाद दोनों ओर से बहस छिड़ गई और फायरिंग की घटना हुई।



Leave a Reply