सुपौल में बहन के घर आई 15 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। पीड़ित परिवार ने महिला थाने में किस शिकायत दर्ज करवाया। वहीं पुलिस नाबालिग छात्रा का मेडिकल करवाने में जुटी है। घटना बीते दो जनवरी की रात की बताई जा रही। घटना जिले के छातापुर थाना इलाके के एक गांव की है। गांव के ही शादीशुदा एक युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
जानकारी अनुसार, घटना की रात पीड़िता की बहन अस्पताल में थी। ऐसे में पीड़िता घर में रहकर बहन के छोटे बच्चों की देखभाल कर रही थी। वह उनके साथ सोई हुई थी। इसी बीच घर में अकेले पाकर आरोपी युवक ने फायदा उठाना चाहा। जहां पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोस के ग्रामीण जब तक वहां पर पहुंचे, तब आरोपी युवक मौके से फरार हो चुका था।
आरोपी की पहचान होने के बाद मामले को दबाने का खेल शुरू हो गया। पीड़िता व आरोपी के परिजन सहित गांव के कुछ लोगों द्वारा पंचायत भी की गई। तीन दिनों तक चले पंचायत में पहले तो पीड़िता से आरोपी युवक की शादी करने पर सहमति बनी। इसके बाद आरोपी युवक के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया।
शादी की बात पर सहमति नही बनने के बाद परिजन छातापुर थाना से लेकर महिला थाना सुपौल तक का चक्कर लगाकर आरोपी युवक पर कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं। हालांकि शनिवार की शाम तक पुलिस द्वारा मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई थी। जानकारी अनुसार आरोपी युवक एक बच्चे का पिता है और पीड़िता के बहन के दूर का रिश्तेदार है। इधर महिला थाना में थाना अध्यक्ष प्रमिला ने जानकारी देते हुए बताया की दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




Leave a Reply