बिहार में ठंड के चलते 72 घंटे से सूरज नहीं दिखाई दिया। हवा में नमी के साथ ठंड होने की वजह से गलन का अहसास हो रहा है। पटना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर 3.1 डिग्री होने से दिनभर कपकपी की स्थिति रही।
हालांकि, मौसम विभाग ने अभी कोल्ड डे की घोषणा नहीं की है। उनके अनुसार, जब न्यूनतम पारा 10 से नीचे आ जाता है और तब अंतर 3 या इससे कम होता है तब कोल्ड डे की स्थिति रहती है।
दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर में 23 सालों बाद मंगलवार का दिन सबसे ठंडा रहा। इससे पहले 3 जनवरी 2000 को ऐसी स्थिति बनी थी। 2 जनवरी 2000 को अधिकतम तापमान जहां 13.6 डिग्री था। वहीं मंगलवार को यह 14.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।
पटना में तीन दिनों से दिन का पारा सामान्य से पांच से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। बुधवार को तापमान में गिरावट होगी। रात का तापमान 10 डिग्री होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले 3 दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

बांका में सुबह घना कोहरा छाया रहा।
पटना एयरपोर्ट से जाने वाली 29 में से 9 विमानों ने मंगलवार को देर से उड़ान भरी। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो कोहरे की स्थिति ऐसी है कि मंगलवार को दृश्यता 50 मीटर सुबह 8.30 बजे के आसपास दर्ज की गई थी।
कड़ाके की ठंड व कोहरे की वजह से ट्रेने भी लेट चल रही हैं। मंगलवार को भी राजधानी समेत एक दर्जन से अधिक मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें लेट रही। सबसे अधिक जम्मूतवी पटना अर्चना एक्सप्रेस 12 घंटे लेट रही। जबकि नई दिल्ली राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस 1.33 घंटे लेट से पटना जंक्शन पहुंची। जबकि हिमगिरी एक्सप्रेस 9 घंटे और श्रमजीवी एक्सप्रेस 5 घंटे लेट रही।
सीवान और सारण जिला रहा सबसे ठंडा
मंगलवार को 11.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने कनकनी और बढ़ा दी। वहीं मंगलवार के दिन सीवान और सारण जिला सबसे ठंडा रहा, सीवान का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस, सारण जिले का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर लोगों को सूर्य के दर्शन नहीं हुए।
7 जनवरी के बाद और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग की माने तो बिहार में आने वाले दिनों में अभी घने कोहरे से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे। ऐसा इसलिए क्योंकि सतह पर पछुआ और उत्तर पछुआ की गति बेहद कम है, जिसके कारण वातावरण में नमी की मात्रा 90 फ़ीसदी से अधिक है। इसलिए कोहरे की लेयर आसमान में काफी ऊंचाई तक बन चुकी है। फिलहाल कोहरे का ये लेयर ब्रेक होने में 2 से 3 दिनों का समय लग सकता है। वहीं 7 जनवरी से ठंड के और ज्यादा बढ़ जाने की संभावना जताई जा रही है।

जमुई में आज सुबह कोहरे में कमी देखी गई।
AQI लेवल में आई गिरावट, प्रदूषण भी घटा
पटना के AQI लेवल में पिछले 24 घंटे में 81 पॉइंट कमी आई है। सोमवार को पटना में AQI लेवल 343 रिकॉर्ड किया गया था। जबकि मंगलवार को पटना का AQI लेवल 262 रिकॉर्ड किया गया है। इसका सीधा प्रभाव पटना की हवा पर पड़ा है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के सदस्यों के मुताबिक फॉग नहीं होने के साथ हवा तेज चलने से पटना की हवा में प्रदूषण का स्तर कम हुआ है।
इधर, शहर के अंदर राजा बाजार इलाके में सबसे अधिक प्रदूषण रिकॉर्ड किया गया। यहां का AQI लेवल 304 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, दानापुर इलाके का AQI लेवल 290, तारामंडल इलाके का 277, गांधी मैदान का 274, इको पार्क का 224, पटना सिटी का 206 रिकॉर्ड किया गया है।

कोहरे के चलते दिन में भी गाड़ियों लाइट जलानी पड़ रही है।
बढ़ते ठंड में सेहत के प्रति रहें सावधान
इस बढ़ती ठंड के सीजन में लोगों को अपनी सेहत के प्रति सावधान रहना चाहिए। डॉक्टर हेमलता कश्यप का कहना है कि जब तापमान में तेजी से गिरावट होती है तो इसका लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है। इस दौरान इम्यूनिटी भी कमजोर होने लगती है। आपका शरीर आसानी से बीमारी की चपेट में आ जाता है।
वहीं उन्होंने आगे कहा कि बढ़ती ठंड में आप अपने पहनावे का ख्याल रखिए, गर्म कपड़े जरूर पहनें कान और गले को ढक कर रखें। कोहरे और शीत लहर वाले मौसम में गर्म खाने का प्रयोग करें जैसे कि अंडे, ड्राइफ्रूट्स, अदरक का सेवन करें। इस दौरान हल्का गुनगुने पानी का प्रयोग पीने के लिए करें।
सलाह… फसलों की सिंचाई, कीट से बचाव को दवा छिड़कें
ठंड, कोहरा, पाला व शीतलहर का असर फसल व पशु पक्षियों पर भी हो रहा है। इससे बचाव के लिए किसान रबी फसलों में गेहूं, आलू, मक्का, पपीता, केला और सब्जियों की फसल में सिंचाई करें। आलू की फसल को अगेती झुलसा से बचाव के लिए 2 से 2.5 ग्राम दवा को प्रति लीटर पानी में मिलाकर इंडोफिल एम-45 दवा का छिड़काव करें।
मटर, टमाटर, धनिया, लहसुन एवं अन्य रबी फसल पर झुलसा रोग होने पर भी इसी दवा का छिड़काव करें। सरसों में सफेद रतुआ रोग होने पर बचाव के लिए क्लोरथालोनील दवा का एक ग्राम प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें।



Comment here