भोजपुर जिले के टाउन थाना क्षेत्र के एमपी बाग मोहल्ले में बीते रविवार की रात चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट में जख्मी युवक की मौत हो गई। इलाज के दौरान पटना के प्राइवेट अस्पताल में मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र टाउन थाना क्षेत्र के एमपी बाग वार्ड नंबर 10 निवासी स्व.विनोद प्रसाद का 20 वर्षीय पुत्र नितेश कुमार उर्फ रितेश कुमार है एवं वह बीए का छात्र था। बता दें कि रविवार की देर रात निवर्तमान वार्ड पार्षद एवं नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद के समर्थकों के बीच चुनावी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हुई थी।

इसमें दोनों पक्ष से 10 लोग जख्मी हो गए थे। इसके बाद सभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद नितेश कुमार उर्फ रितेश कुमार की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया था। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए पटना प्राइवेट अस्पताल ले गए थे। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया।
इधर, मृतक युवक की मां बेबी देवी ने बताया कि निवर्तमान वार्ड पार्षद इस बार चुनाव हार गई थी। इसको लेकर उनके परिवार के लोग एवं पासी टोला के सभी लोग उनके घर के खिड़की पर पत्थर मार रहे थे। आवाज सुनकर जब उनका पुत्र नितेश कुमार उर्फ रितेश कुमार घर से बाहर निकला। उसने पूछा कि तुमने खिड़की पर पत्थर क्यों मारा तो उन लोगों ने कहा कि तुमने चुनाव में वोट क्यों नहीं दिया।
इसके बाद उसे घर से बाहर खींच कर लाठी-डंडे एवं एक पत्थर से मारकर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा इसकी सूचना पटना के स्थानीय थाना को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना मौके पर पहुंच शव को पोस्टमाॅर्टम करवाया।



Comment here