सुपौल में एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह अवैध संबंध बताया जा रहा है। आरोपी का उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध था। जिसे लेकर उसकी पत्नी को आपत्ति थी। इसलिए ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर घर में लाश को बंद कर दिया। सभी फरार हो गए हैं। हालांकि महिला की सास को पुलिस ने हिरासत में लिया है और आरोपी पति की तलाश कर रही है।
एक महीने पहले भी महिला को मारने की कोशिश की गई थी। पति और उसकी भाभी मिलकर उसका गला दबा रहे थे। लेकिन बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और दोनों को जमकर पीटा था।
वारदात सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लौकहा ओपी के हरदी पश्चिम पंचायत के धपरिया वार्ड-13 में बुधवार की रात हुई। जहां गायत्री देवी (30) के सिर पर धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या उसके 32 वर्षीय पति अनिल मंडल ने कर दी। पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी शव को जलाने की तैयारी में था, लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक लग गई। इसलिए लाश को घर में छोड़कर बाहर से बंद कर सभी फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
2011 में हुई थी शादी
पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ललमनियां निवासी छेदी मंडल (65)की बेटी गायत्री देवी (30) की शादी 21 फरवरी 2011 में धपरिया वार्ड 13 निवासी 32 वर्षीय अनिल मंडल के साथ हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। पिता छेदी मंडल ने बताया कि शादी के बाद करीब 6 साल तक सब ठीक चला। इसके बाद अनिल मंडल का अपनी भाभी भोली देवी (35) के साथ अवैध संबंध हो गया। इसके बाद वह अपनी पत्नी गायत्री देवी को प्रताड़ित करने लगा। उसे तरह-तरह की यातनाएं देने लगा।

भाभी भोली देवी से आरोपी पति का अवैध संबंध था।
2 लाख रुपए भी मांग रहा था आरोपी
पिता ने बताया कि आरोपी दामाद बेटी पर पिता से दो लाख रुपए मांग कर लाने का दबाव बनाने लगा। इसके साथ ही उससे संबंध भी तोड़ लिया। इसको लेकर कई बार अनिल मंडल के घर ग्रामीण पंच के साथ पंचायत भी हुई। उसने भी अपनी गलती मानकर गायत्री देवी के मान-सम्मान के साथ रखने की बात स्वीकार की थी। इन सबके बावजूद उसके चाल-चलन में कोई बदलाव नहीं आया। इस दौरान गायत्री देवी को दो बेटी सरस्वती कुमारी (7) और शिवानी कुमारी (3) हुई।

आरोपी पति अनिल मंडल।
एक महीने पहले भी हत्या की हुई थी कोशिश
पिता ने बताया कि इससे पहले 24 नवंबर की रात करीब 12 बजे अनिल मंडल, उसकी भाभी भोली देवी, कंगल मंडल, स्वरूपलाल मंडल ने मिल कर गला दबा कर मार रहे थे। उसी समय बच्चों ने हल्ला किया तो अगल-बगल के लोग जग गए। सभी ने लाठी-डंडे से मारपीट की।
हल्ला सुनकर पड़ोसी ने हम लोगों को फोन कर बताया कि आपकी बेटी गायत्री देवी को उसके ससुराल वाले मार रहे हैं। इसके बाद हमलोग रात में ही पांच आदमी के साथ धपरिया बेटी के ससुराल पहुंचे, तो देखा वह अधमरी हालत में पड़ी है। उसका सदर अस्पताल में इलाज हुआ। इसके बाद थाने में 26 नवंबर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने महिला हेल्प लाइन के माध्यम से आरोपी पति से बॉन्ड भरवाया और गायत्री को ससुराल भेज दिया।

शादी के 6 साल बाद पति गायत्री को प्रताड़ित करने लगा था।
धारदार हथियार से सिर पर किए कई वार
इसके बाद बुधवार की रात करीब 9 बजे पति सहित ससुराल वालों ने मिल कर तेज धारदार हथियार से गायत्री के सिर पर पीछे से वार किया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सभी मिल कर रात में ही घर के ही समीप बांसबीट में जलाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने पूरे मामले की जानकारी गायत्री के मायके वालों को दे दी। इसके बाद परिजन गायत्री के ससुराल पहुंचे। जहां उसके घर में बाहर से कुंडी लगी थी, ससुराल के लोग फरार थे।
इसके तुरंत बाद पहुंची पुलिस ने जब घर खुलवाया तो देखा कि एक कमरे में गायत्री की लाश पड़ी है। इसके सिर के पिछले हिस्से में धारदार हथियार से कई बार वार के जख्म मिले। इसके बाद पुलिस पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां उसका पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
सास को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
इसको लेकर सदर एसडीपीओ कुमार इन्द्रप्रकाश ने कहा कि मृतक महिला के मायके वाले उसके पति पर भाभी से अवैध संबंध होने और इसी कारण महिला की हत्या का आरोप लगा रहे। तेज धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। इस मामले में महिला की सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मामले में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।



Leave a Reply