यूरिया की कालाबाजारी से किल्लत जारी है। लाइसेंसी दुकानदार भी यूरिया को कालाबाजारी में 600-650 रुपए प्रति बोरा बेच रहे हैं। यह आराेप लगाते हुए साेमवार काे किसानाें ने देवरिया- पारू मुख्य मार्ग के विशुनपुर सरैया चौक पर जाम कर दिया। दो घंटे तक एसएच 74 जाम रहने से देवरिया – पारू, देवरिया – जाफरपुर मार्ग प्रभावित हो गया। थानाध्यक्ष उदय कुमार सिंह दल बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और आक्रोशित किसानों को समझा कर जाम समाप्त कराया।
वहीं मनियारी के काजीईंन्डा चाैक पर ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने सोमवार को यूरिया की कालाबाजारी के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकाला। नेतृत्व कर रहे कालीकांत झा ने कहा कि क्षेत्र में किसानों को यूरिया नहीं मिल रही है। अगर यूरिया मिलता भी है तो 266 रुपए की जगह 500-600 रुपए चुकाना पड़ता है। किसानों की रबी फसल बर्बाद होने के कगार पर है।
इधर, सभी लाइसेंसी दुकानों पर कृषि समन्वयक की उर्वरक निरीक्षक के रूप में ड्यूटी लगी है, लेकिन उनकी उदासीनता के कारण किसानों को उचित मूल्य में यूरिया उपलब्ध नहीं हाे पा रही है। इफको को छोड़कर लाइसेंसी खाद दुकानदारों के बारे में ज्यादा मूल्य लेने की शिकायत किसान कर रहे हैं। यहीं कारण है कि इफको गोदाम पर किसानों की भीड़ उमड़ रही है।
पारू के इफकाे गाेदाम में यूरिया का स्टाॅक खत्म
साहेबगंज में सोमवार को भी इफको गोदाम में यूरिया खाद के लिए भारी भीड़ उमड़ी। वहीं प्रखंड की 9 खाद दुकानों में भी 1880 बोरा यूरिया आई, लेकिन अधिकांश लाइसेंसी खाद दुकानदारों ने दोपहर बाद स्टॉक खत्म हो गया कहना शुरू कर दिया। पारू के इफकाे गाेदाम में यूरिया का स्टाॅक खत्म हाे गया है। बंदरा में कहने के लिए 52 सरकारी लाइसेंसी खाद दुकान है। पूर्वी क्षेत्र में हत्था ऐसी पंचायत है, जहां मात्र दो ही लाइसेंसी दुकान है।
जिले के अंतिम बॉर्डर क्षेत्र का यह सुदूर इलाका है। बंदरा के बीएओ अर्जुन पासवान ने बताया कि इस पंचायत में खाद दुकानों की संख्या बढ़ाने क प्रयास किया जा रहा है। गायघाट में इफको बाजार छोड़ अन्य दुकानों में ऊंची कीमत पर यूरिया मिल रही है।
अधिकारी आज किसानों के संग बनाएंगे कृषि राेड मैप
जिले में आवश्यकता से आधी मात्रा में यूरिया मिलने के कारण किसान मारे-मारे फिर रहे हैं। उधर, कृषि विभाग के निर्देश के अनुसार आगे जिले में बेहतर फसल उत्पादन के साथ ही बागवानी, पशु पालन और मत्स्यपालन काे बढ़ावा देने के लिए मंगलवार काे कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ प्रगतिशील किसान राज्य के चतुर्थ कृषि राेड मैप के लिए अपना सुझाव देंगे।

बैठक डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में हाेगी। जिला कृषि अधिकारी शिलाजीत सिंह ने सभी बीएओ काे उपस्थित हाेने और प्रगतिशील किसानों काे बुलाने काे कहा है। बैठक के लिए डीडीसी, अपर समाहर्ता आपदा, नगर आयुक्त, एसडीओ पूर्वी व पश्चिमी के साथ अनुमंडल कृषि अधिकारी पूर्वी व पश्चिमी काे भी सूचना भेजी गई है।
चाहिए 19297 एमटी यूरिया, मिली सिर्फ 1594 एमटी
सिंचाई के बाद गेहूं और मक्का में छिड़काव के साथ आलू में मिट्टी चढ़ाने के समय जिले में यूरिया की भीषण किल्लत हाे गई है। इस माह तक जरूरी 37 हजार 774 मीट्रिक टन यूरिया चाहिए। इसमें केवल 18477 एमटी यूरिया ही उपलब्ध हुआ है। जिले के किसानों काे तत्काल 19297 एमटी यूरिया की आवश्यकता है। लेकिन, साेमवार काे नारायणपुर अनंत रैक प्वाइंट पर आईपीएल कंपनी का 1594 एमटी यूरिया उपलब्ध हुआ। प्रखंडवार आवंटन के बाद भी किल्लत रहेगी। हालांकि, कृषि विभाग काे कोरोमंडल का और 1600 एमटी यूरिया 21 दिसंबर काे मिलने की सूचना है। यह भी मांग की अपेक्षा काफी कम है। अभी गेहूं और मक्का की सिंचाई हाेनी है।



Leave a Reply